कोलकाता

श्री श्याम मंदिर आलमबाजार में हावड़ा से भक्तों ने चढ़ाए निशान

- तीन दिवसीय सतरंगी फाल्गुन मेले की तैयारियां जोरो पर
2 min read
kolkata west bengal
श्री श्याम मंदिर आलमबाजार में हावड़ा से भक्तों ने चढ़ाए निशान

हावड़ा . श्याम बाबा के जय कार बोलो जी बोलो, खाटूवाले की जयकार बोलो जी बोलो.....जैसे कर्णप्रिय भजनों पर ढप के साथ धमाल व एक दूसरे को फाल्गुनी अबीर गुलाल लगाते हुए नाचते-झूमते श्याम रंग में सराबोर भक्तों की टोली हावड़ा के विभिन्न स्थानों से पैदल यात्रा कर श्याम बाबा की पावन स्थली श्री श्याम मंदिर आलमबाजार पहुंची और बाबा श्याम को निशान अर्पण कर विधिवत श्रद्धा निवेदित की। मंदिर में फाल्गुन माह के अवसर पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मनोकामना पूर्ति हेतु श्याम प्रभु की पैदल यात्रा कर निशान चढाने का क्रम लगातार जारी रहा। इसी क्रम में रविवार को भी भक्तवृंद (हावड़ा) के तत्वावधान में पंचम निशान यात्रा सलकिया से प्रारम्भ होकर विभिन्न मार्गो का परिभ्रमण करती हुई श्री श्याम मंदिर आलमबाजार पहुंची जिसमें सहयोगी संस्था श्रीश्याम परिवार गंगेज चिरंजीवी, श्री भूमि सत्संग समिति एवं गंगेज अग्रसेन परिवार, लिलुआ का भी सक्रिय योगदान रहा। वही दूसरी ओर हरिनारायण लडिय़ा के निवास स्थल बंगवासी (हावड़ा) से भी निशान यात्रा प्रात: 7 बजे प्रारम्भ होकर बंकिम सेतु, गुलमोहर, एसी मार्केट, पीलखाना, नन्दीबागान, सलकिया, लिलुआ, बेलुड़, बाली ब्रिज होते हुए श्री श्याम मंदिर आलमबाजार पहुंची। बर्दवान से आए भक्तों ने भी मंदिर में पूजा अर्चना की साथ ही अनेकानेक भक्तों ने अपनी मनोकामना पूर्ण होने पर रजत निशान भी चढ़ाए। श्याम बाबा के सजे दरबार के साथ-साथ गायकों ने रास्ते भर भजनों की अमृतवर्षा होती रही और लहराते हुए निशान आकर्षण का केंद्र बने रहे। मंदिर स्थल में एक ओर जहां निशान यात्रियों का हुजूम उमड़ता रहा वही बारस धोक लगाने हेतु प्रात: बेला से देर रात्रि तक भारी संख्या में भक्तों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। मंदिर के प्रबंध न्यासी गोविन्द मुरारी अग्रवाल ने बताया की आगामी रविवार को भी मंदिर स्थल में निशान यात्रा का आगमन होगा। इसके अलावा फाल्गुन मास की द्वादशी को भी मंदिर परिवार की इच्छापूरण निशान यात्रा में भारी संख्या में भक्तों ने अपना नाम लिखवाया है। इस अवसर पर चंद्रप्रकाश सरावगी, रामकिशन दिनोदिया, बजरंगलाल मित्तल, ओम जालान, महेंद्र गुप्ता, अरविन्द जालान आदि उपस्थित थे। सभी निशान यात्रियों के लिए मंदिर में भंडारा प्रसाद का प्रबंध किया गया।

Published on:
04 Mar 2019 03:36 pm