कोलकाता

पुलिस पर हाथ उठाया तो सीधे जेल भेजे जाएंगे! सीएम सुवेंदु की दो टूक, आरोपियों को सजा दिलाने के लिए सरकार भी लड़ेगी केस

Suvendu Adhikari Latest News: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने पुलिस पर हमला करने वालों को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को जेल भेजा जाएगा और सरकार आरोपियों को सजा दिलाने तक मामले की पैरवी करेगी।
2 min read
• •
Updated: 7 Nov 2026, 3:00 PM IST
Police Attack
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी। (फाइल फोटो-ANI)

Police Attack: पश्चिम बंगाल में पुलिसकर्मियों पर हमला करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि अगर किसी ने पुलिस पर हाथ उठाया तो उसे इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। ऐसे लोगों को जेल भेजने के साथ ही अदालत से सजा दिलाने के लिए सरकार भी पूरी ताकत लगाएगी।

पुलिस पर हमला करने वालों को सीधी चेतावनी

कोलकाता में मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिसकर्मियों पर हमला हो या सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश, ऐसे मामलों में सरकार सख्त कार्रवाई करेगी।

उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी ने भी पुलिसकर्मियों पर हाथ उठाने की हिम्मत की तो उसे कानून के तहत इसका जवाब देना होगा। सरकार ऐसे मामलों को गंभीरता से लेगी और आरोपियों को सजा दिलाने तक पीछे नहीं हटेगी।

आसनसोल की घटना का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने अपने बयान में आसनसोल में पुलिस चौकी पर हुई तोड़फोड़ की घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वहां पुलिस चौकियों को निशाना बनाया गया था। इस मामले में सरकार ने कार्रवाई की और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को इसका नतीजा भुगतना पड़ा।

दरअसल, आसनसोल के जहांगीर मोहल्ला इलाके में धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर के इस्तेमाल से जुड़े नियमों को लेकर विरोध प्रदर्शन हुआ था। इसी दौरान पुलिस चौकी में तोड़फोड़ की गई थी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू की थी।

सिर्फ गिरफ्तारी नहीं, सजा दिलाने तक सरकार की नजर

सुवेंदु अधिकारी ने यह भी साफ किया कि पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ कार्रवाई केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी। राज्य सरकार के वकील पुलिस के साथ मिलकर अदालत में ऐसे मामलों की पैरवी करेंगे। सरकार की कोशिश होगी कि आरोपियों के खिलाफ मजबूत तरीके से मुकदमा लड़ा जाए और उन्हें जल्द से जल्द सजा मिले।

मुख्यमंत्री के इस बयान से साफ है कि पश्चिम बंगाल सरकार पुलिसकर्मियों पर हमले और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामलों में सख्त कार्रवाई करना चाहती है। सरकार अब ऐसे मामलों में आरोपियों को अदालत से सजा दिलाने पर भी खास जोर देगी।

Updated on:
7 Nov 2026, 3:00 PM IST
Published on: