सुवेंदु अधिकारी के शपथ लेने के तुरंत बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष दिलीप घोष ने नई मंत्रिपरिषद में मंत्री के रूप में शपथ ली।
भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शनिवार को शपथ ली। गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती के अवसर पर पार्टी के पांच अन्य विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इसी के साथ राज्य में पहली बार भाजपा की पहली सरकार का सपना साकार हो गया। सुवेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बनने वाले भाजपा के पहले नेता हैं। राज्यपाल आरएन रवि ने यहां ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड मैदान में आयोजित भव्य समारोह में अधिकारी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राजग के दूसरे वरिष्ठ नेताओं का अभिनंदन किया। भाजपा ने हाल में हुए चुनाव में 294 सदस्यीय विधानसभा में 207 सीट जीतकर इतिहास रचा। इसके साथ ही राज्य में तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन का अंत हो गया। सुवेंदु अधिकारी के शपथ लेने के तुरंत बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष दिलीप घोष ने नई मंत्रिपरिषद में मंत्री के रूप में शपथ ली। भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, निशीथ प्रामाणिक और क्षुदिराम टुडू को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। भाजपा ने शपथ ग्रहण समारोह के लिए ब्रिगेड परेड मैदान को चुना, जो कभी वाम दलों की विशाल रैलियों का गढ़ था और बाद में तृणमूल कांग्रेस के लिए भी एक प्रमुख राजनीतिक मैदान रहा।
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के मंत्रिमंडल के बाकी सदस्यों को लेकर अटकलें जारी हैं। भाजपा सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मंत्रिमंडल के शेष सदस्यों का शपथ ग्रहण सोमवार, 11 मई को होने की संभावना है। इस दिन यह स्पष्ट हो पाएगा कि किस मंत्री को कौन सा विभाग सौंपा जाएगा। बताया गया है कि लोक भवन में राज्यपाल आरएन रवि नए मंत्रिमंडल के सदस्यों को शपथ दिलाएंगे। इसके बाद नवनिर्वाचित सरकार की पहली कैबिनेट बैठक भी होगी। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी शुक्रवार को राज्य सचिवालय जा सकते हैं। यहीं पर भाजपा सरकार की पहली कैबिनेट बैठक होने की संभावना है। वहीं, मंगलवार को प्रोटेम स्पीकर को शपथ दिलाई जाएगी। विधानसभा के नए स्पीकर के रूप में तापस राय का नाम संभावित है। इसके बाद बुधवार और गुरुवार को भाजपा के विधायक शपथ ग्रहण करेंगे।
पश्चिम बंगाल में भाजपा के उदय के प्रमुख शिल्पकारों में शामिल सुवेंदु अधिकारी ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जब शपथ ली तो भाजपा के हजारों समर्थक खुशी से उछल उठे। उन्होंने भगवा झंडे लहराए और जय श्रीराम के नारे लगाए। भाजपा खेमे ने इस आयोजन को डबल इंजन सरकार के तहत सोनार बांग्ला की शुरुआत के रूप में पेश किया। इस भव्य समारोह में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, अभिनेता एवं भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। भाजपा ने इस समारोह को बंगाल के समकालीन राजनीतिक इतिहास का एक निर्णायक क्षण बताया।