9 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

CM शुभेन्दु के साथ मंत्री पद की शपथ लेने वाले कौन-कौन? महिला और जातीय समीकरण का BJP ने रखा ध्यान

बीजेपी ने पश्चिम बंगाल में शपथ ग्रहण के दौरान महिला और जातीय फैक्टर को भी साधने की कोशिश की। एक महिला, एक राजबंशी, एक मतुआ और एक आदिवासी समुदाय से आने वाले विधायक ने मंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। पढ़ें पूरी खबर...

2 min read
Google source verification
Suvendu Adhikari new cm of bengal

शुभेन्दु अधिकारी(Photo-IANS)

भाजपा नेता शुभेन्दु अधिकारी (BJP leader Suvendu Adhikari) ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi), गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कई नेताओं की मौजूदगी में बांग्ला भाषा में शपथ ली। इस मौके पर दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, क्षुदीराम टुडू और निशिथ प्रमाणिक ने भी मंत्री पद की शपथ ली।

खड़गपुर से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे दिलीप घोष

दिलीप घोष ने पश्चिम मेदिनीपुर के खड़गपुर सदर से चुनाव जीता है। उन्होंने 7 बार के विधायक ज्ञान सिंह सोहनपाल को हराया है। उन्होंने जमीनी स्तर तक संगठन को मजबूत किया। बीजेपी में आने से पहले दिलीप घोष लंबे समय तक आरएसएस के प्रचारक रहे। उन्होंने 1984 में एक प्रचारक के रूप में शुरुआत की। फिर 1999 से 2007 तक अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के प्रभारी के रूप में कार्य किया।

इस दौरान वह पूर्व आरएसएस राष्ट्रीय प्रमुख केएस सुदर्शन के सहायक रहे। 2014 में वह बीजेपी में शामिल हो गए और पार्टी के बंगाल महासचिव नियुक्त किए गए। सिर्फ एक साल बाद बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बने। 2020 में उन्हें दोबारा इस पद पर फिर से नियुक्त किया गया।

आसनसोल दक्षिण से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंची अग्निमित्रा

आसनसोल की विधायक अग्निमित्रा पॉल को भी बंगाल की नई सरकार में जगह मिली है। उन्होंने शुभेंदु अधिकारी और दिलीप घोष के बाद तीसरे नंबर पर पद और गोपनीयता की शपथ ली। प्रदेश में पार्टी की प्रमुख महिला चेहरा होने के चलते उन्हें महत्वपूर्ण विभाग मिल सकता है।

अग्निमित्रा पॉल ने आसनसोल दक्षिण से 2021 में भी विधानसभा चुनाव जीता था। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सायनी घोष को कड़े मुकाबले में हराया था। इस बार यानी 2026 में भी अग्निमित्रा पॉल दोबारा जीतीं। इस बार उन्होंने अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस के तापस बनर्जी को हराया।

अशोक कीर्तनिया को भी मिली जगह

मतुआ समाज से आने वाले अशोक कीर्तनिया ने बनगांव उत्तर सीट से 40 हजार वोटों से जीत हासिल की और अब उन्हें पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री बनाया गया है।

क्षुदीराम टुडू भी बनाए गए मंत्री

शुभेन्दु अधिकारी की सरकार में अगले मंत्री के तौर पर शपथ लेने क्षुदीराम टुडू आए। आदिवासी समुदाय से आने वाले खुदीराम टुडू ने रानीबंध सीट से 50 हजार से ज्यादा वोटों से चुनाव जीता।

कूच बिहार के कद्दावर नेता निशिथ प्रमाणिक को भी मिली जगह

भारतीय जनता पार्टी के युवा नेता व राजबंशी समुदाय से आने वाले निसिथ प्रमाणिक को भी शुभेन्दु की सरकार में जगह मिली है। विधानसभा चुनाव में निसिथ प्रमाणिक कूचविहार जिले की माथाभांगा सीट से 57 हजार से ज्यादा वोटों से जीते हैं। वह पहले केंद्र में राज्य मंत्री रह चुके हैं। साथ ही, 2021 में विधानसभा चुनाव भी जीत चुके हैं।