कोलकाता

तृणमूल ने मां को रुलाया, माटी को सिंडीकेट के हवाले किया, मानुष को पलायन के लिए मजबूर किया : मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार हर साल 36 हजार रुपए बहनों के खाते में जमा करेगी। आंगनबाड़ी हो, अन्य महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता हो, उनके वेतन-भत्ते को लेकर भी बंगाल भाजपा ने बड़ी घोषणा की है। बंगाल भाजपा ने बेटियों को सरकारी नौकरी में 35% आरक्षण देने का फैसला किया है।

3 min read
Apr 26, 2026
तृणमूल ने मां को रुलाया, माटी को सिंडीकेट के हवाले किया, मानुष को पलायन के लिए मजबूर किया : मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को तृणमूल कांग्रेस पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल की निर्ममता ने मां को रुला दिया, माटी को सिंडीकेट, घुसपैठियों के हवाले कर दिया और बंगाल के मानुष को पलायन के लिए मजबूर कर दिया। उन्होंने तृणमूल पर महिलाओं को प्रताड़ित करने वाले गुंडों को पनाह देने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा द्वारा संदेशखाली की रेखा पात्रा और आर जी कर अस्पताल की पीड़िता की मां को चुनाव टिकट देना महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

उत्तर 24 परगना जिले के बनगांव में ठाकुरनगर स्थित मतुआ समुदाय के गढ़ में चुनावी रैली में मोदी ने कहा कि पड़ोसी देश में धार्मिक उत्पीड़न के बाद भारत में शरण लेने वाले सभी शरणार्थियों को संशोधित नागरिकता अधिनियम (सीएए) के तहत निर्धारित प्रक्रियाओं के माध्यम से नागरिकता प्रदान की जाएगी।

हर साल 36 हजार महिलाओं के खाते में होंगे जमा

पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार हर साल 36 हजार रुपए बहनों के खाते में जमा करेगी। आंगनबाड़ी हो, अन्य महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता हो, उनके वेतन-भत्ते को लेकर भी बंगाल भाजपा ने बड़ी घोषणा की है। बंगाल भाजपा ने बेटियों को सरकारी नौकरी में 35% आरक्षण देने का फैसला किया है। बंगाल की डबल इंजन सरकार का बंगाल की बहन-बेटियों को डबल फायदा होगा। मोदी ने आरोप लगाया कि तृणमूल के महाजंगलराज में बेटियां लापता हो रही हैं लेकिन तृणमूल सरकार सोई पड़ी है, बेटियों की इन्हें कोई चिंता नहीं है। लेकिन अब और नहीं। गुंडे, बलात्कारियों का हिसाब 4 मई के बाद भाजपा की सरकार करेगी। चुन-चुन कर हिसाब करेगी।

पहले चरण में तृणमूल का अहंकार टूटा

मोदी ने आरोप लगाया कि तृणमूल के महाजंगलराज की सबसे बड़ी पीड़ित हमारी बहनें, बेटियां हैं। इनके साथ सबसे बड़ा धोखा हुआ है, इसलिए इस बार सबसे अधिक गुस्सा बहनों में ही है। संदेशखाली में बहनों के साथ गुंडे अन्याय करते रहे। तृणमूल की निर्मम सरकार गुंडों का साथ देती रही। यहां तो बहनों को ही गाली दी गई। यह कभी भूलना नहीं है। पीएम ने कहा कि यह तृणमूल वाले अगर मां, माटी और मानुष की याद दिलाएंगे तो इनके पाप सामने आ जाएंगे। बंगाल का ये चुनाव अंतिम चरण में है, लेकिन आपने देखा होगा, 15 साल पहले तृणमूल मां, माटी और मानुष की बातें करके सत्ता में आई थी। पर अब इनके मुंह से मां, माटी और मानुष, यह शब्द तक नहीं निकलते। आखिर क्यों? क्या कारण है? पहले चरण में तृणमूल का अहंकार टूट गया है, दूसरे चरण में भाजपा सरकार की प्रचंड जीत पक्की होने जा रही है।

मोदी ने मतुआ संप्रदाय के मुख्य मंदिर में की पूजा-अर्चना

पीएम मोदी ने रविवार को उत्तर 24 परगना जिले के ठाकुरनगर में चुनावी रैली से पहले मतुआ महासंघ के मुख्य मंदिर ठाकुरबाड़ी में पूजा-अर्चना की। मतुआ समुदाय के गढ़ में उनकी यात्रा को इस समुदाय के मतदाताओं तक पहुंचने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। मतुआ मतदाता 34 विधानसभा सीटों और बांग्लादेश सीमा के करीब स्थित दो दर्जन अन्य सीटों को सीधे तौर पर प्रभावित करते हैं। ठाकुरबाड़ी में इस संप्रदाय के संस्थापकों हरिचंद और गुरुचंद ठाकुर के मंदिर स्थित हैं। उनके समर्थन ने 2021 के विधानसभा चुनावों में भाजपा के मजबूत प्रदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। हरिचंद ठाकुर द्वारा 19वीं शताब्दी में स्थापित मतुआ महासंघ एक सामाजिक-धार्मिक आंदोलन है, जिसने ऐतिहासिक रूप से शिक्षा और सामाजिक सुधार के माध्यम से नामशुद्र समुदाय के उत्थान के लिए काम किया है। मोदी ने 2019 में ठाकुरनगर मंदिर का दौरा किया था और 2021 में बांग्लादेश के ओराकंडी भी गये थे। हरिचंद ठाकुर द्वारा 19वीं शताब्दी में स्थापित मतुआ महासंघ एक सामाजिक-धार्मिक आंदोलन है, जिसने ऐतिहासिक रूप से शिक्षा और सामाजिक सुधार के माध्यम से नामशुद्र समुदाय के उत्थान के लिए काम किया है।

Also Read
View All