कोलकाता

पश्चिम बंगाल में ड्रग्स तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, नक्सलबाड़ी में ब्राउन शुगर और हिजली रेलवे स्टेशन पर 10 किलो गांजा जब्त

West Bengal Drugs Seized: पश्चिम बंगाल के नक्सलबाड़ी में पुलिस ने 310 ग्राम ब्राउन शुगर और हिजली रेलवे स्टेशन पर 10 किलो 400 ग्राम गांजा जब्त किया, एक युवक को गिरफ्तार किया गया। दोनों मामलों की जांच एनडीपीएस एक्ट के तहत चल रही है।

2 min read
May 22, 2026
बंगाल में ड्रग्स तस्करी पर बड़ी कार्रवाई

West Bengal Drug Racket Busted: पश्चिम बंगाल के नक्सलबाड़ी में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान मुर्शिदाबाद के साहबाजपुर निवासी विश्वजीत प्रमाणिक के रूप में हुई है।

जब्त पदार्थ की बाजार कीमत करीब 30 लाख

युवक के पास से बरामद भारी मात्रा में ब्राउन शुगर की बाजार कीमत करीब 30 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुरुवार को एशियन हाईवे पर नक्सलबाड़ी के खालपाड़ा मोड़ के पास एक संदिग्ध युवक को रोका गया था।

तलाशी के दौरान मिली 310 ग्राम ब्राउन शुगर

पूछताछ के दौरान उसकी बातों में विरोधाभास मिलने पर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके स्कूल बैग से तीन प्लास्टिक टिफिन बॉक्स में छिपाकर रखी गई ब्राउन शुगर बरामद हुई। बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन करीब 310 ग्राम है।

डिलीवरी करने के लिए मुर्शिदाबाद से आया था आरोपी

प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि आरोपित मुर्शिदाबाद के जंगीपुर से बस के जरिए नक्सलबाड़ी पहुंचा था और यहां ड्रग्स की डिलीवरी करने की योजना थी।

हिजली रेलवे स्टेशन पर 5 लाख से ज्यादा का गांजा बरामद

खड़गपुर रेल मंडल अंतर्गत हिजली रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजा बरामद किया। हालांकि इस दौरान तस्करी से जुड़े किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका। बरामद गांजे की कीमत बाजार में करीब पांच लाख बीस हजार रुपये आंकी जा रही है।

सुपरफास्ट एक्सप्रेस से ले जाई जा रही थी खेप

जानकारी के अनुसार आरपीएफ को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि पटना सुपरफास्ट एक्सप्रेस के जरिए अवैध रूप से गांजा की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम ने हिजली रेलवे स्टेशन पर सतर्कता बढ़ा दी और ट्रेन के पहुंचते ही सघन तलाशी अभियान चलाया।

10 किलो से ज्यादा गांजा बरामद

तलाशी के दौरान प्लेटफॉर्म और ट्रेन के एक डिब्बे से दो संदिग्ध लावारिस बैग बरामद किए गए। जब आरपीएफ जवानों ने दोनों बैगों की जांच की तो उसमें भारी मात्रा में गांजा भरा हुआ मिला। बाद में गांजे का वजन किया गया, जिसमें कुल 10 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

बाजार कीमत 5 लाख 20 हजार रुपए

अधिकारियों के अनुसार जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 20 हजार रुपए बताई जा रही है। आरपीएफ अधिकारियों का कहना है कि तलाशी अभियान के दौरान कोई संदिग्ध व्यक्ति मौके पर नहीं मिला। आशंका जताई जा रही है कि पुलिस और आरपीएफ की सक्रियता की भनक लगते ही तस्कर बैग छोड़कर फरार हो गए।

RPF टीम जांच में जुटी

फिलहाल बरामद गांजे को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरपीएफ अब सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि गांजा किसने स्टेशन तक पहुंचाया और इसे कहां ले जाने की तैयारी थी।रेलवे पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Published on:
22 May 2026 08:07 am
Also Read
View All