
प्रदेश कांग्रेस ने अगले वर्ष जनवरी-फरवरी के बीच कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में एक बड़ी रैली आयोजित करने की घोषणा की, जिसे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी संबोधित करेंगे। सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में आते समय कांग्रेस के 11 कार्यकर्ता घायल हो गए, जिन्हें आर. जी. कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुभंकर सरकार ने अगले कुछ महीनों के लिए पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रमों की घोषणा करते हुए कहा, हम नौ अगस्त से 14 अगस्त तक नुक्कड़ सभाएं आयोजित करेंगे और स्वतंत्रता दिवस की मध्यरात्रि में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। पार्टी ने मंगलवार को कई वर्षों बाद अपना शहीद दिवस कार्यक्रम आयोजित किया। पार्टी ने कहा कि कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ राज्य में कांग्रेस के पुनरुत्थान का संकेत है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने घोषणा की कि पार्टी अगले वर्ष 15 जनवरी से 15 फरवरी के बीच ब्रिगेड परेड ग्राउंड में एक विशाल रैली आयोजित करेगी। उन्होंने कहा, राहुल गांधी इस रैली में शामिल होंगे।कार्यक्रम के दौरान हालांकि प्रदेश कांग्रेस में गुटबाजी की भी झलक दिखाई दी। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं के एक वर्ग ने वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष शुभंकर सरकार के समर्थन में नारे लगाए। चौधरी ने हालांकि इस घटनाक्रम को तूल नहीं दिया और रैली में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति के लिए शुभंकर सरकार की सराहना की। बहरमपुर से पूर्व सांसद चौधरी ने कहा, शहीद मीनार के आसपास का पूरा क्षेत्र समर्थकों से भर गया है। पुलिस हमारे कई कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने नहीं दे रही है। इतनी बड़ी संख्या में लोगों का जुटना कांग्रेस के लिए बड़ी सफलता है। उन्होंने कहा, यह तो सिर्फ एक झलक है। बदलाव तय है और इसका असर अगले लोकसभा चुनाव में दिखाई देगा।
कांग्रेस ने करीब 15 वर्षों बाद मंगलवार को ऐतिहासिक शहीद मीनार मैदान में शहीद समागम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। सैकड़ों कार्यकर्ता ट्रेन, बस और निजी वाहनों से कोलकाता पहुंचे। पार्टी ने इस आयोजन को शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ अपने राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी पेश किया। पार्टी ने 21 जुलाई 1993 के महाकरण अभियान के दौरान हुई पुलिस फायरिंग की घटना को लेकर न्याय की मांग दोहराई। कांग्रेस नेताओं ने तत्कालीन गृह सचिव मनीष गुप्ता की भूमिका पर सवाल उठाते हुए प्रतीकात्मक रूप से उनका चित्र मंच पर रखकर विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस नेताओं का आरोप था कि प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने का आदेश दिया गया था और इस मामले में आज तक न्याय नहीं मिल सका है। प्रदेश कांग्रेस ने आरोप लगाया कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में पार्टी कार्यकर्ताओं की बसों में तोड़फोड़ की गई और कई स्थानों पर उन्हें कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने से रोका गया। कैनिंग रेलवे स्टेशन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हमले का भी आरोप लगाया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने इन घटनाओं की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।