पीएम ने किया 85 हजार करोड़ से अधिक की रेलपरियोजनाओं का शिलान्यास, आसनसोल-हटिया एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई
प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को देशभर में 85 हजार करोड़ से अधिक की विभिन्न रेलवे परियोजनाओं का शिलान्यास वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से किया। साथ ही 10 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों और अन्य रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान पूर्व रेलवे में सर्वश्रेष्ठ ओएसओपी स्टॉल/उत्पाद/कारीगर के लिए पुरस्कारों की घोषणा की गई। सामाजिक पहल फाउंडेशन को सर्वश्रेष्ठ उत्पाद (आदिसप्तग्राम - हावड़ा डिवीजन) तथा सर्वश्रेष्ठ ओएसओपी स्टॉल - लोकनाथ ट्रेडर्स (कृष्णानगर स्टेशन - सियालदह डिवीजन) को देने की घोषणा हुई। पूर्व रेलवे के अनुसार जिन परियोजनाओं का शिलान्यास हुआ उनमें पूर्व रेलवे की विभिन्न प्रमुख परियोजनाएं भी शामिल हैं। जिसमें आसनसोल डिवीजन के मोहनपुर में गुड्स शेड, हावड़ा डिवीजन के पाकुड़ में गति शक्ति कार्गो टर्मिनल, मालदा टाउन स्टेशन पर जन औषधि केंद्र निर्माण शामिल है। प्रधानमंत्री द्वारा विस्टा-डोम कोच सुविधा वाली एक नई ट्रेन आसनसोल-हटिया एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाई गई। यह ट्रेन आसनसोल को झारखंड की राजधानी से जोड़ेगी। इसके अलावा पूर्व रेलवे में 172 एक स्टेशन एक उत्पाद स्टॉल प्रधान मंत्री द्वारा राष्ट्र को समर्पित किया गया। जिसमें कोलकाता स्टेशन पर एक स्टॉल भी शामिल है। पूर्व रेलवे के इन वन स्टेशन वन प्रोडक्ट स्टॉलों में से 144 बंगाल में, 14 बिहार और 14 झारखंड में हैं। ये स्टॉल पूर्व रेलवे के हावड़ा, सियालदह, आसनसोल और मालदा डिवीजनों में हैं।
---कोलकाता स्टेशन पर राज्यपाल रहे मौजूद
उद्घाटन कार्यक्रम के साथ कोलकाता स्टेशन वेब-लिंक से जुड़ा था जिसमें राज्यपाल डॉ. सी वी आनंद बोस कोलकाता स्टेशन पर उपस्थित थे। इस अवसर पर पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक मिलिंद के देउस्कर भी कोलकाता स्टेशन पर उपस्थित थे। राज्यपाल ने पुरस्कार की घोषणा कर ओएसओपी (वन स्टेशन वन प्रोडक्ट) कारीगरों को प्रेरित किया। पुरस्कार पाने वालों में माया पाल सर्वश्रेष्ठ कारीगर पुरस्कार - ओएसओपी स्टॉल मालिक दुर्गापुर (आसनसोल डिवीजन), सामाजिक पहल फाउंडेशन को सर्वश्रेष्ठ उत्पाद (आदिसप्तग्राम - हावड़ा डिवीजन), सर्वश्रेष्ठ ओएसओपी स्टॉल - लोकनाथ ट्रेडर्स (कृष्णानगर स्टेशन - सियालदह डिवीजन) मुख्य हैं। मालदा टाउन स्टेशन पर खोला गया प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि केंद्र (पीएमबीजेके) कम कीमत पर जेनेरिक दवा प्राप्त करने का केंद्र होगा।
---खडग़पुर स्टेशन पर भारतीय जन औषधि केंद्र का लोकार्पण
खडग़पुर. प्रधानमंत्री द्वारा खडग़पुर स्टेशन पर भारतीय जन औषधि केंद्र का भी लोकार्पण किया गया। खडग़पुर के डीआरएम के.आर.चौधरी सहित रेलवे अधिकारी उपस्थित थे। खडग़पुर मंडल में 21 ओएसओपी स्टाल के उदघाटन के साथ खडग़पुर स्टेशन पर जन औषधि केंद्र खोलने की घोषणा की गई। खडग़पुर मंडल में शालीमार, संतरागाछी, रामराजतला, दासनगर, आंदुल ,सांकराइल, देउल्टी, मेचेदा, हाउर, पांशकुरा, दीघा, खडग़पुर, बालीचक, मिदनापुर, गिरी मैदान, बालेश्वर, जलेश्वर, रूपसा, हल्दीपाड़ा में कुल 21 ओएसओपी स्टॉल समर्पित किए गए। शालीमार, मेचेदा, खडग़पुर, ओएमपीएल उड़ीसा मेटालिक्स- गोकुलपुर, नेकुरसेनी गुड्स शेड, बालेश्वर, झारग्राम, बंगरीपोसी और रानीताल में औपचारिक समारोह आयोजित किए गए। खडग़पुर के डीआरएम के.आर.चौधरी सहित रेलवे अधिकारी उपस्थित थे।