
कोलकाता
कसबा थाना क्षेत्र के लश्करहाट इलाके में शनिवार को एक महिला की रहस्यमय ढंग से मौत हो गई। टैगोर पार्क आवासीय कॉम्प्लेक्स की तीसरी मंजिल स्थित फ्लैट से उसका शव बरामद किया गया। मृतका की पहचान सीमा चौधरी (52) के रूप में हुई है। वह केन्द्र सरकार की कर्मचारी थी। बेटा अमरीका में रहता है। वह फ्लैट में अकेले रहती थी। मृतका के सिर के के पिछले हिस्से में गंभीर चोट का निशान मिला है। प्राथमिक जांच के आधार पर पुलिस का अनुमान है कि सीमा की हत्या की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।
----
रसोई घर में पड़ा था शव
पुलिस के अनुसार सीमा का शव रसोई घर में पड़ा हुआ था। बरामदे की रेलिंग से बंधी मोटी रस्सी रसोई घर तक पसरी हुई थी। गैस सिलेण्डर का रेग्युलेटर खुला हुआ था। सीमा की साड़ी का कुछ हिस्सा आग में जला हुआ पाया गया है। पुलिस का अनुमान है कि हत्या के बाद शव को जलाने की कोशिश की गई थी।
----
संदेह परिचित पर
फ्लैट में एक जूठा ग्लास मिला है, जिसमें कुछ जूस पड़ा हुआ था। इससे पुलिस का अनुमान है कि कोई सीमा के फ्लैट में आया था। उसकी पहचान के लिए पुलिस आसपास के लगे सीसी टीवी का फुटेज खंगाल रही है।
---
चार से पांच बजे के बीच हत्या का अनुमान
पुलिस सूत्रों के अनुसार जांच में पता चला है कि शाम लगभग चार बजे सीमा चौधरी ने एक बच्चे को सॉस खरीदकर लाने के लिए भेजा था। बच्चा सॉस खरीद कर जब लौटा तो देखा सीमा के फ्लैट का दरवाजा बंद है। कॉल बेल नहीं बज रही है। इसबीच सीमा का एक परिचित आया। उसके पास फ्लैट की चाबी थी। उसने दरवाजा खोला तो देखा गया सीमा रसोई घर में मृत हातल में पड़ी हुई है। फिर पुलिस को खबर दी गई। पुलिस का अनुमान है कि चार से पांच बजे के बीच सीमा की हत्या की गई है।