10 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

कोलकाता टेक इंजीनियर हत्याकांड में गर्लफ्रेंड के बदले बयान से उलझी पुलिस

Sarthak Sarkar Murder Case: कोलकाता में सॉफ्टवेयर इंजीनियर सार्थक सरकार की मौत के मामले में गर्लफ्रेंड के विरोधाभासी बयानों से जांच उलझ गई है। पुलिस कैंची या किसी अन्य धारदार वस्तु से हमले की आशंका की जांच कर रही है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

कोलकाता

•

image

Pratiksha Gupta

•

Updated: 10 Nov 2026, 2:14 PM IST

Kolkata techie murder

सॉफ्टवेयर इंजीनियर सार्थक सरकार (फोटो सोर्स-@pradeepgr63)

Kolkata Software Engineer Murder Case: कोलकाता में 25 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर सार्थक सरकार की हत्या की गुत्थी अब तक नहीं सुलझ पाई है। मामले में गिरफ्तार उनकी लिव-इन पार्टनर संचालिका बसु ने पूछताछ के दौरान अलग-अलग बयान दिए हैं। उसने एक बार दावा किया कि सार्थक ने कैंची से खुद का गला घायल किया था, जबकि दूसरी बार कहा कि उसे बहस के दौरान हुई घटना याद नहीं है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वार किसने किया और इसके लिए किस हथियार का इस्तेमाल हुआ।

गर्लफ्रेंड के बदलते हुए बयानों से उलझी गुत्थी

इस मामले में पुलिस ने सार्थक की 22 वर्षीय लिव-इन पार्टनर संचालिका बसु और उसकी मां मौमिता बसु को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने पुलिस को अलग-अलग और गोलमोल जवाब दिए हैं। जांच अधिकारियों के अनुसार, मुख्य आरोपी संचालिका ने एक बार दावा किया कि सार्थक ने खुद ही कैंची से अपना गला घायल कर लिया था। वहीं, कुछ ही देर बाद उसने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि तीखी बहस के दौरान उसे कुछ याद ही नहीं रहा कि आखिर क्या हुआ था। पुलिस अब इस बात की तकनीकी और वैज्ञानिक जांच कर रही है कि हमले में कैंची, चॉपस्टिक या किसी अन्य नुकीली धारदार चीज का इस्तेमाल हुआ था या नहीं।

शक और शराब के नशे में हुई थी लड़ाई

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि शनिवार देर रात गरियाहाट के फर्ताबाद स्थित किराए के फ्लैट में पार्टी के दौरान माहौल गरमा गया था। दोनों ने शराब पीने के बाद एक-दूसरे पर अफेयर और कई लोगों के साथ रिश्ते होने के गंभीर आरोप लगाए थे। शुरुआत में मामूली कहासुनी के रूप में शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि जब यह खूनी संघर्ष चल रहा था, तब आरोपी युवती की मां कमरे में किस वक्त दाखिल हुई और इस पूरी घटना में उसकी क्या भूमिका थी।

पड़ोसियों ने सुनी चीखें, बिस्तर पर खून से लथपथ मिला युवक

बारासात के रहने वाले सार्थक पिछले कुछ समय से इसी किराए के फ्लैट में अपनी पार्टनर के साथ रह रहे थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना की रात करीब 1:30 बजे फ्लैट से एक महिला चीखते-रोते हुए बाहर आई और मदद की गुहार लगाने लगी। पड़ोसियों ने जब फ्लैट के अंदर जाकर देखा, तो होश उड़ गए। सार्थक बिस्तर पर लहूलुहान हालत में पड़े थे। गरिया के रहने वाले स्थानीय निवासी सायन पाल ने बताया कि महिला की गर्दन पर भी खरोंच के कई निशान थे। पड़ोसियों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। आनन-फानन में सार्थक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल, पुलिस दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ कर रही है।