9 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बंगाल में चौथे एनकाउंटर पर छिड़ी सियासत, कल्याण बनर्जी बोले- अब यहां भी लाया जा रहा यूपी वाला कल्चर

Kalyan Banerjee Latest Statement: पश्चिम बंगाल के रायगंज में नाबालिग से कथित दुष्कर्म और हत्या के आरोपी के एनकाउंटर में मारे जाने पर TMC सांसद कल्याण बनर्जी ने सवाल उठाए। उन्होंने बंगाल में यूपी जैसा एनकाउंटर कल्चर लाने का आरोप लगाया।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

कोलकाता

•

image

Imran Sheikh

•

Updated: 9 Nov 2026, 4:18 PM IST

West Bengal Encounter

रायगंज एनकाउंटर को लेकर TMC सांसद कल्याण बनर्जी ने उठाए सवाल। (फोटो सोर्स-ANI)

Bengal Politics: पश्चिम बंगाल में एक नाबालिग बच्ची से कथित दुष्कर्म और हत्या के मामले में आरोपी की पुलिस एनकाउंटर में मौत के बाद राजनीति तेज हो गई है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद कल्याण बनर्जी ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा है कि बंगाल में पहले एनकाउंटर का चलन नहीं था, लेकिन अब यहां भी उत्तर प्रदेश जैसा कल्चर लाया जा रहा है। उन्होंने साफ कहा कि अपराध करने वाले को सजा जरूर मिलनी चाहिए, लेकिन इसके लिए कानून का रास्ता अपनाया जाना चाहिए।

कल्याण बनर्जी ने बांकुरा में मीडिया से कहा कि पश्चिम बंगाल अपनी संस्कृति और परंपराओं के लिए जाना जाता है। यहां कानून के मुताबिक काम करने में भरोसा किया जाता है। उनका आरोप है कि बीजेपी की सरकार वाले राज्यों में एनकाउंटर का चलन देखने को मिलता है और अब इसी तरीके को बंगाल में भी अपनाया जा रहा है।

'दोषियों को सजा मिले, लेकिन एनकाउंटर सही नहीं'

टीएमसी सांसद ने कहा कि किसी भी अपराधी को उसके किए की सजा मिलनी चाहिए, लेकिन यह सजा अदालत और कानून के जरिए ही दी जानी चाहिए। पुलिस को किसी आरोपी का एनकाउंटर करने का अधिकार नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई में जो लोग शामिल हैं, उन्हें एक दिन जवाब देना पड़ेगा। कल्याण बनर्जी के इस बयान ने बंगाल में पुलिस कार्रवाई को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

क्या है रायगंज का पूरा मामला?

यह मामला उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज इलाके का है। यहां 3 नवंबर को 12 साल की एक बच्ची साइकिल लेकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। दो दिन बाद कुलिक नदी के पास जंगल में बच्ची का शव मिला। परिजनों ने उसके साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने का आरोप लगाया था।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और दिलीप राय नाम के व्यक्ति को मुख्य आरोपी माना। पुलिस के मुताबिक, रविवार देर रात आरोपी को पकड़ने के लिए टीम पहुंची तो उसने पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

बंगाल में अब तक चार एनकाउंटर की चर्चा

रायगंज की यह घटना पश्चिम बंगाल में बीजेपी सरकार बनने के बाद चौथे एनकाउंटर के तौर पर चर्चा में है। इससे पहले बारुईपुर, गायघाटा और मुर्शिदाबाद के समशेरगंज में भी पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों की मौत हुई थी।

लगातार हो रही इन घटनाओं के बीच कल्याण बनर्जी ने एनकाउंटर के तरीके पर सवाल उठाए हैं। एक तरफ नाबालिग बच्ची के साथ हुई वारदात को लेकर लोगों में गुस्सा है, तो दूसरी तरफ पुलिस कार्रवाई को लेकर राजनीतिक दलों के बीच बहस छिड़ गई है। अब यह मामला अपराध के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ कानून के तरीके को लेकर भी चर्चा में है।