Road Quality Issue: प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठे हैं। पूर्व विधायक चंदन कश्यप ने निरीक्षण कर निर्माण में अनियमितताओं का आरोप लगाया।
Road Construction Corruption: प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से बने सड़क की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों के आरोप व खबर प्रकाशित होने के बाद पूर्व विधायक चंदन कश्यप ने मर्दापाल क्षेत्र के कुदूर और तुमडीवाल इलाके का दौरा कर सडक़ की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। दौरे से पहले ही कथित रूप से सडक़ की अनियमिता छुपाने की कोशिशें भी सामने आई हैं।
आरोप है कि, ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से साइड शोल्डर में मुरूम डालकर रोलर चलाया गया, ताकि सड़क की खराब गुणवत्ता को छुपाया जा सके। इसके अलावा कई जगहों पर डामर उखडऩे वाले हिस्सों को छुपाने के लिए कंक्रीट पैचवर्क किया गया।
विभाग रख चुका है अपनी बात: हालांकि संबंधित विभाग पूर्व में प्रकाशित खबर के बाद जनसंपर्क के माध्यम से गुणवक्ता को लेकर अपनी बात रख चुका है। जिसमें उन्होंने एस्क्यूएम के द्वारा किये गए गुणवक्ता जांच आदि का भी उल्लेख करते हुए निर्माण कार्य को बेहतर व बताया था।
मौके पर पहुंचकर पूर्व विधायक चंदन कश्यप ने अपने हाथों से सडक़ की डामर परत उखाडक़र दिखाई, जो बेहद पतली और कमजोर पाई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि, निर्माण कार्य में भारी अनियमितता और भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने मौजूदा क्षेत्रीय विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि, उनके कार्यक्षेत्र में इस तरह की लापरवाही गंभीर चिंता का विषय है।
साथ ही उन्होंने अधिकारियों की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। इधर, सडक़ की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि, ग्रामीणों ने चेतावनी दी गई है कि,यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो उग्र आंदोलन किया जायेगा।
छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल में सड़क निर्माण लंबे समय से विकास का अहम आधार माना जाता रहा है। दूरस्थ और आदिवासी इलाकों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बड़े पैमाने पर सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। इस योजना का उद्देश्य गांवों तक हर मौसम में सुगम यातायात सुनिश्चित करना और शिक्षा, स्वास्थ्य व बाजार तक पहुंच आसान बनाना है।