एसीबी इंडिया लिमिटेड (ACB India Ltd.) से जुड़ी कंपनियों पर प्रशासन का शिकंजा कसने लगा है। फ्लाइंग स्कवायड की कार्रवाई में बड़ी गड़बड़ी का खुलासा हुआ है। टीम ने कनबेरी कोल वाशरी (Coal Washery) को सील कर दिया है। एसीबी (ACB) की वॉशरी में क्षमता से आठ लाख 64 हजार टन कोयले का अधिक भंडारण मिला है।

कोरबा. स्पेक्ट्रम वाशरी के लिए कंपनी द्वारा लीलागर नदी के प्रवाह को रोकने का मामला भी उजागर हुआ है। तौल कांटे में गड़बड़ी मिलने पर टीम ने दीपका खदान में एक कांटाघर और एसीबी इंडिया (ACB India Ltd.) से जुड़ी चाकाबुड़ा और रतिजा कोल वॉशरी (Coal Washery) के दो कांटाघर को सील किया है। 57 गाडिय़ां भी पकड़ी गई हैं। प्रशासन ने नोटिस देकर तीन दिन के भीतर कंपनी से जवाब मांगा है। शनिवार सुबह 11 बजे से चालू हुई फ्लाइंग स्कवायड की कार्रवाई देर रात तक जारी रही।
टीम ने एसीबी इंडिया (ACB India Ltd.) से जुड़ी सभी कंपनियों की जांच की। खदान क्षेत्र में होने वाली कई गड़बडिय़ों को पकड़ा है। फ्लाइंग स्कवायड की ओर मीडिया को बताया गया है कि साउथ ईस्टर्न कोल फिल्ड लिमिटेड (SECL) द्वारा संचालित दीपका खदान के तौल कांटा नंबर 16 को सील किया गया है। इस कांटा पर बाहरी मजदूर गाडिय़ों को ट्रांजिट पास जारी करते पकड़े गए थे। साउथ ईस्टर्न कोल फिल्ड के कर्मचारी नदारत मिले थे। इस कांटा से कोयला कंपनी की वॉशरी को जाता है।
फ्लाइंग स्कवायड ने कनबेरी स्थित स्वास्तिक पावर एंड मिनरल लिमिटेड कोल वाशरी में 17 हजार टन धुला एवं रिजेक्टेड कोयला जब्त किया है। टीम का कहना है कि वाशरी के कर्मचारी कोयला की वैद्यता संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। टीम देर रात कोल स्वास्तिक कोल वाशरी (Coal Washery) को सील कर दिया है।
यहां मिला क्षमता से अधिक भंडारण
फ्लाइंग स्कवायड ने एसीबी के स्पेक्ट्रम कोल वाशरी (Coal Washery), गेवरा वाशरी (Gevra Washery) और चाकाबुड़ा की वाशरी में स्वीकृत भंडारण क्षमता से छ: लाख 84 हजार टन अधिक कोयला का भंडारण पाया है। नोटिस देकर तीन दिन के भीतर जवाब मांगा है। स्कवायड ने धतुरा स्थित केजेएसएल कोल वाशरी की जांच के दौरान कच्चे कोयले का लगभग 32 हजार टन और धुले हुए कोयले का लगभग 30 टन स्टाक जब्त किया है। कंपनी को 18 जून तक कलेक्टर के समक्ष जवाब प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है।
57 गाडिय़ां पकड़ाई, 39 में ट्रांजिट पास नहीं
कार्रवाई के दौरान टीम ने 57 वाहनों को पकड़ा है। कोयला लोड 39 वाहनों में ट्रांजिट पास नहीं मिला है। इसके अलावा 18 गाडिय़ों में परिवहन से संबंधित दस्तावेज में कमी पाई गई है। रतिजा स्थित मारूति वाशरी में बिना ट्रांजिट पास के आठ हाईवा गाडिय़ों को कोयले का परिवहन करते टीम ने पकड़ा है।
एसवी पॉवर में भी गड़बड़ी
लगभग ढाई साल से बंद एसीबी के रेकी स्थित एसवी पावर एंड कोल वाशरी (Coal Washery) में गड़बड़ी पकड़ी गई है। पावर प्लांट में सुरक्षा के पर्याप्त उपाय नहीं होने, पानी का छिड़काव नहीं करने और पर्याप्त मात्रा में वृक्षारोपण नहीं होना का मामलाा पकड़ा है। पावर प्लांट में अग्निशमन वाहन और पानी के टैंकर भी उपलब्ध नहीं है। पर्यावरण संरक्षण विभाग द्वारा पावर प्लांट को नोटिस जारी किया गया है।
गेवरा वाशरी में भी गड़बड़ी
एसीबी की कोल वाशरी दीपका और गेवरा में उडऩदस्ते ने स्वीकृत भंडारण क्षमता से एक लाख टन अधिक कोयले का स्टॉक पकड़ा है। गेवरा की वाशरी में कोयला भंडारण स्वीकृत रकबे से अधिक भूमि पर मिला है। टीम ने वाशरी के आवक-जावक रजिस्टर को जब्त कर लिया है। एक मई से 15 जून तक कोयले की आवक-जावक की जांच कर रही है। एसीबी की बिंझरी कोल वाशरी में निर्धारित प्रारूप में अभिलेखों का संधारण भी नहीं मिला है।
इंडस उद्योग पर भी दबिश
फ्लाइंग स्कवायड ने जमनीपाली स्थित इंडस उद्योग एवं इन्फ्रा स्ट्रक्चर लिमिटेड में दबिश दी। कोल वाशरी बंद मिली। इंडस लिमिटेड को संस्थान के रेलवे साइडिंग और वाशरी क्षेत्र में भंडारित कोयले के ट्रांजिट पास, रेलवे को डिस्पेच कर आरआर की कापी, क्लोजिंग बैलेंस, स्टाक रजिस्टर, वाशरी का रजिस्ट्रेशन आदि की जानकारी मांगी है।