कोरबा

बाइक सवार ठेका कर्मी को ट्रक ने रौंदा तो गुस्साए ग्रामीणों ने टायर में लगाई आग

तनाव बढ़ता देख पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतेजाम किए थे। 31 हजार रुपए तत्कालिक सहायता देने पर ग्रामीण माने। सड़क से उठने को तैयार हुए।
2 min read
• •
Updated: 31 Dec 2017, 10:48 AM IST
बाइक सवार ठेका कर्मी को ट्रक ने रौंदा तो गुस्साए ग्रामीणों ने टायर में लगाई आग

कोरबा . बाइक से घर लौट रहे युवक को ट्रक ने कोरबा- कुसमुंडा मार्ग पर बरमपुर के पास रौंद दिया। युवक की मौत हो गई। हादसे से आक्रोशित लोगों ने सर्वमंगला नगर चौक पर चक्काजाम कर दिया। करीब पांच घंटे तक गाडिय़ों का पहिया थम गया। ग्रामीणों ने टायर को भी आग के हवाले कर दिया। तनाव बढ़ता देख पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतेजाम किए थे। 31 हजार रुपए तत्कालिक सहायता देने पर ग्रामीण माने। सड़क से उठने को तैयार हुए।

घटना के संबंध में पुलिस ने बताया कि ग्राम सोनपुरी निवासी रामकुमार पटेल 28 अपने दोस्त राकेश पटेल के साथ कुसमुंडा से घर लौट रहा था। दोनोंं बाइक पर सीजी १२ एएम 9811 पर सवार थे। रास्ते में कोरबा- कुसमुंडा मार्ग पर ग्राम बरमपुर देशी शराब दुकान के पास राताखार के रास्ते कुसमुंडा की ओर जा रही ट्रक ने बाइक को जोरदार ठोकर मार दिया। दोनों सड़क पर गिरे। गंभीर चोट लगने से रामकुमार की मौत हो गई। राकेश पटेल बाल बाल बच गया। उसे आंशिक चोटेें आई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गए। बड़ी संख्या में सर्वमंगला नगर चौक पर पहुंचे। बीच सड़क पर बैठकर मार्ग पर यातायात बंद कर दिया।

चक्काजाम कर दिया। वाहनों की आवाजाही बंद हो गई। पुलिस भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों को समझाकर चक्काजाम खोलवाने की कोशिश की। लेकिन ग्रामीण चार लाख रुपए मुआवजा की मांग कर रहे थे। इसके बिना सड़क से उठने को तैयार नहीं थे। मान मनौवल का दौर जारी रहा। दर्री सीएसपी और दीपका तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे। इसबीच भीड़ ने टायर में आग लगा दी। धीरे धीरे तनाव बढऩे लगा। प्रशासन मृतक के परिजन को 31 हजार रुपए तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराया। साथ ही शासन की ओर से मिलने वाले अन्य राशि में सहयोग का आश्वासन दिया। इसके बाद चक्काजाम खत्म हुआ। ग्रामीण रात लगभग 9.20 बजे सड़क से उठे।

सड़क मरम्मत को लेकर भैसमा में चार घंटे चक्काजाम
कोरबा/भैसमा. सड़क मरम्मत की मांग को लेकर ग्रामीणों ने उरगा- हाटी मार्ग को भैसमा के पास जाम कर दिया। कांग्रेस के नेतृत्व में ग्रामीण सड़क पर बैठ गए। सड़क की मरम्मत करने के आश्वासन पर ग्रामीण मान गए। सड़क लगभग चार घंटे तक जाम रहा। हाटी मुख्य मार्ग अत्यंत जर्जर हो गया है। इससे चलना मुश्किल हो गया। ग्रामीण कई माह से सड़क सुधार की मांग रहे हैं। लेकिन प्रशासन सड़क की सुध नहीं ले रहा है। इससे ग्रामीण नाराज हैं। चक्काजाम स्थल पर तहसीलदार, पीडब्ल्यूडी एसडीओ ने पहुंचकर आश्वासन दिया। इसके बाद चक्काजाम समाप्त कर दिया गया।

Published on: