
कोरबा . सिटी बस के मनमानी के विरोध में ऑटो संघ द्वारा किया जा रहा हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रहा। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सिटी बसों के संचालन का जिम्मा संभाल रही निजी ऑपरेटर की मनमानी से आक्रोशित 2500 ऑटो चालकों ने गुरूवार से ७२ घंटे के लिए ऑटो का संचालन ठप कर दिया है।ऑटो संचालन बंद होने से रेलवे स्टेशन से लेकर सड़कों पर यात्री भटकते रहे।
पिछले दो साल से सिटी बस का संचालन हो रहा है। इसके लिए कोरबा अर्बन पब्लिक ट्रांसपोर्ट सोसाइटी द्वारा कई नियम-कायदे बनाए गए हैं। ऑपरेटर को इन्हीं शर्तो पर बसों का संचालन करना है। ऑटो संघ का कहना है कि सिटी बस के संचालन की टाइमिंग और स्टॉपेज निर्धारित हैं। लेकिन बस की टाइमिंग सुबह निकलने से लेकर रात को पहुंचने तक ही सीमित है। सिटी बसों का स्टॉपेज ऑटो की तरह हो चुकी है। जहां भी सवारी दिखी, वहां ब्रेक लगा दिया जाता है। ऐसे में ऑटो और सिटी बस के चालकों के बीच आए दिन तकरार होती रहती है। अपनी १३ सूत्रीय मांगों को लेकर संघ के अध्यक्ष आजम खान , उपाध्यक्ष कुमार स्वामी, सचिव पंकज तिवारी, सह सचिव इस्लाम अंसारी, कोषाध्यक्ष गोविंद दावड़ा सहित सभी ऑटो चालक हड़ताल पर चले गए हैं।
गुरुवार को ऑटो संघ ने घंटाघर ओपन थियेटर में सभी ऑटो संचालकों के साथ आमसभा रखी गई थी। बैठक में सभी ऑटो संचालकों ने एक मत होकर राय दी कि इस तरह से अगर बस का संचालन होगा तो भविष्य में उनके सामने रोजी रोटी का संकट सामने आएगा। संघ द्वारा इसके लिए कई बार कलेक्टर व मंत्री के बीच अपनी समस्या बता चुके हैं। कई संगठनों ने भी समर्थन दिया है। शनिवार को भी ऑटो चालकों की हड़ताल जारी रहेगी। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
निजी बस मालिक भी जताएंगे आक्रोश
निजी बस मालिक भी शनिवार को बस का संचालन बंद रखेंगे। ऑटो चालकों के साथ-साथ अब निजी बस मालिक भी सिटी बस संचालन के खिलाफ उतर गए हैँ। बस मालिकों ने भी प्रेस कांप्रेस कर प्रशासन द्वारा सिटी बस ऑपरेटर को जानबुझकर फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया है। छत्तीसगढ़ यातायात महासंघ के अध्यक्ष बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सिटी बस संचालन के शुरूआत में हमने भी स्वागत किया था। लेकिन ऑपरेटर शासन के ही नियम कायदों का उल्लंघन कर रही है। इसकी शिकायत पर भी सोसाइटी कोई कार्रवाई नहीं करती। सिर्फ कमाई वाले रूट पर सिटी बस चलाई जा रही है। रजगामार, हरदीबाजार, दीपका रूट पर गिनती के बस चलाई जा रही है जबकि बालको, कटघोरा रूट पर सबसे अधिक बस चलाई जा रही है। त्रिपाठी ने बताया कि एसी बस कोरबा से चांपा रेलवे स्टेशन तक चल रही है। जबकि निजी बसों को चांपा के बस स्टैंड तक भेजा जा रहा है।