
कोरबा . खेत से काम करके वापस लौट रही दो महिलाओं पर तीन भालुओं ने हमला कर दिया। भालू के हमले से जहां एक महिला को गंभीर चोटें आई तो दूसरी महिला की स्थिति सामान्य है।
घटना मंगलवार को कटघोरा वनमंडल के पसान वनपरिक्षेत्र के कोइलारडगरा में देरशाम घटी। दोनों महिलाएं लक्ष्मीनिया बाई धनवार और बिराजो धनवार गाम लालपुर में खेत में रोजी मजदूरी करने गए थे।
देरशाम जब वापस लौट रहे थे। तभी उनका सामना तीन भालुओं से हो गया। तीनों भालू महिलाओं पर टूट पड़े। हालांकि महिलाओं ने हिम्मत नहीं हारी। महिलाओं ने भालुओं को खदेड़ने के लिए उनपर डंडे से कई प्रहार किए। तब एक भालू तो जंगल की ओर भाग निकला, लेकिन दो भालू बिराजो धनवार महिला के ऊपर टूट पड़े थे। तब पीछे से आकर लक्ष्मीनिया ने भालुओं पर ताबड़तोड़ प्रहार किया।
करीब 25 मिनट तक भालुओं के साथ द्वंद चलता रहा। आखिरकार भालू भाग खड़े हुए। बुरी तरह से घायल महिलाओं ने इसकी सूचना फोन से परिजनों को दी गई। 108 संजीवनी एक्सप्रेस की मदद से दोनों को पोड़ीउपरोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया। जहां एक महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है। उपचार जारी है।
खेती-किसानी सीजन में बढ़े हमले
इन दिनों खेती किसानी का दौर जारी है, ग्रामीणों को हाथी व भालुओं के हमले लगातार बढ़ रहे हैँ। गांव से घर की ओर आने-जाने के दौरान अकसर भालू हमले करते हैं। फसलों को हाथियों के झुंड भी नुकसान पहुंचा रहे हैं।