
नशे में ASI का सड़क पर हंगामा (Photo Source- Patrika)
Korba Road Accident: कोरबा में एक ASI पर नशे की हालत में कार चलाने और सड़क किनारे खड़ी कार को दो बार टक्कर मारने का आरोप लगा है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के पावर हाउस रोड स्थित मस्जिद के पास का है। बताया जा रहा है कि कुसमुंडा थाने में पदस्थ ASI अश्वनी वर्मा ड्यूटी खत्म करने के बाद देर रात अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार सड़क किनारे खड़ी एक कार से टकरा गई। आरोप है कि पहली टक्कर के बाद ASI ने अपनी कार को पीछे किया और उसी खड़ी कार को दोबारा टक्कर मार दी। घटना की आवाज सुनकर कार मालिक और आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। जब लोगों ने इसका विरोध किया तो ASI कार से नीचे उतरे और कार मालिक से बहस करने लगे।
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, ASI की हालत ठीक नहीं थी। आरोप है कि वह नशे में थे और ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे। बार-बार लड़खड़ाने के कारण लोगों को उनकी हालत पर शक हुआ। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिसकर्मी की इस हरकत को लेकर नाराजगी जताई। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद पटेल (साहू) मौके पर पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद लोगों से बात की और मामला शांत कराया।
बताया जा रहा है कि ASI की हालत को देखते हुए उन्हें खुद कार चलाकर जाने नहीं दिया गया। उनकी कार को दूसरे पुलिसकर्मी ने चलाकर वहां से हटाया। वहीं, ASI अश्वनी वर्मा को दूसरे वाहन में बैठाकर ले जाया गया। इस घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों ने भी जानकारी ली।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि ASI अश्वनी वर्मा के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई है। यह धारा शराब या नशे की हालत में वाहन चलाने से संबंधित है। पुलिस के मुताबिक, मामले में आगे की कार्रवाई उपलब्ध तथ्यों और प्रक्रिया के अनुसार की जा रही है। घटना के दौरान कार को हुए नुकसान और पूरे घटनाक्रम की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
बताया जा रहा है कि ASI अश्वनी वर्मा से जुड़ा यह पहला विवाद नहीं है। इससे पहले भी कोतवाली थाना क्षेत्र में उनके खिलाफ मारपीट से जुड़ा मामला सामने आ चुका है। ऐसे में ताजा घटना के बाद एक बार फिर उनका नाम चर्चा में है। फिलहाल इस मामले में मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई है। घटना से जुड़ा वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है, जिसमें पूरे घटनाक्रम को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा हो रही है।
Updated on:
27 Sept 2026 05:12 pm
Published on:
27 Sept 2026 05:12 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
