कोरबा

दर्दनाक हादसा : पिंडदान कर बोधगया से लौट रहे ग्रामीणों की बस मोरगा के पास पलटी, 28 यात्री घायल

Bus Accident: घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस, डायल 112 और अन्य निजी गाडिय़ों से घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल

2 min read
Sep 26, 2019
दर्दनाक हादसा: पिंडदान कर बोधगया से लौट रहे ग्रामीणों की बस मोरगा के पास पलटी, 28 यात्री घायल

कोरबा. बोधगया में पिंडदान करके घर लौट रहे ग्रामीणों की बस मोरगा हसदेव पुल के पास ढलान पर पलट गई। हादसे में 28 यात्री घायल हो गए हैं। सभी बिलासपुर जिले के कोटा, लोमरी और तखतपुर के निवासी हैं। सात यात्रियों को गंभीर चोटें आई है। बताया जा रहा है कि तीन-चार गांव के लोग बस में सवार होकर पिंडदान कर लौट रहे थे। घटना गुरुवार दोपहर करीब 1.15 बजे की बताई जा रही है।

पुलिस ने बताया कि अंबिकापुर के रास्ते यात्री बस सीजी 10 आर 1787 यात्रियों को बिलासपुर जा रही थी। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 111 पर बांगो थाना क्षेत्र में हसदेव पुल के करीब ढलान पर पलट गई। बस में चीख पुकार मच गई। घायल यात्रियों को बस के बाहर निकाला गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने डायल 112 और अन्य निजी गाडिय़ों से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों की संख्या की 28 बताई जा रही है। आंशिक तौर चोटिल तीन यात्रियों को पोड़ी उपरोड़ा के सरकारी अस्पताल में इलाज के बाद छुट्टी दी गई। 25 घायलों का इलाज जारी है। इसमें सात की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

घायलों में छह महिलाएं भी शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल यात्रियों में चैतमरा, रामजी शर्मा, कजरी यादव, कांशी यादव और सूरज बाई शामिल हैं। घायलों को पोड़ी उपरोड़ा के अलावा कटघोरा के अस्पताल में भर्ती किया गया है। बस चालक मुकेश साहू को भी चोटें आई है। घायलों ने पुलिस को बताया है कि वे सभी बिलासपुर जिले के लोरमी, तखतपुर और कोटा के निवासी हैं। पितृपक्ष में पिंडदान करने बोधगया बिहार गए थे। वहां से घर लौट रहे थे। रास्ते में मोरगा हसदेव पुल के पास दुर्घटना का शिकार हो गए।

प्रेसर पाइप फटने से हुआ हादसा
बताया जाता है कि बस की प्रेसर पाइप फट गई थी। चालक ने ढलान पर ब्रेक लगाया। ब्रेक नहीं लगा। बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। घटना की सूचना पर बांगो थानेदार एसएस पटेल और मोरगा चौकी प्रभारी मेलाराम कठोतिया भी पहुंचे थे।

Published on:
26 Sept 2019 08:52 pm
Also Read
View All