CG News: कोरबा जिले में किराए के मकान में रहकर रोजी-मजदूरी करने वाली महिला की लाश घर के बाहर बाड़ी में मिली। महिला के गले और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट के निशान हैं।
CG News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में किराए के मकान में रहकर रोजी-मजदूरी करने वाली महिला की लाश घर के बाहर बाड़ी में मिली। महिला के गले और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट के निशान हैं। महिला के घर के चौखट पर भी खून के धब्बे हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। हत्या की आशंका जताई गई है। इसी आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नगर पालिका परिषद कटघोरा क्षेत्र में दुर्गा मंदिर के पास खून से लथपथ एक महिला की लाश मिली। इसकी पहचान लता बाई उम्र लगभग 35 वर्ष से की गई। बताया जाता है कि लता पति से अलग कटघोरा दुर्गा मंदिर के पास स्थित किराए के मकान में रहती थी। रोजी-मजदूरी करती थी। सोमवार सुबह दुर्गा मंदिर के पास महिला के मकान के नजदीक बाड़ी में उसकी लाश मिली। शरीर पर कपड़े अस्त-व्यस्त थे। महिला का शव पीठ के बल पड़ा था। मामले की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए।
घटना की जानकारी कटघोरा पुलिस को दी। पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और उन्होंने छानबीन शुरू की। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या से जुड़े होने की आशंका पर शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया। पुलिस ने डॉग स्क्वायड के साथ छानबीन शुरू की।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को डॉग की मदद से कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। इसके आधार पर पुलिस छानबीन को आगे बढ़ा रही है। पुलिस का कहना है कि संदिग्ध को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
बताया जाता है कि महिला जिस मकान में किराए से रहते थी उसके कमरे का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ था। महिला की टूटी हुई चूड़ी भी कमरे में पड़ी थी। घर के चौखट पर खून के निशान थे। पास पड़ी ईंट पर भी खून लगा हुआ था। इसके आधार पर पुलिस महिला की मौत का कारण हत्या मान रही है।
महिला के बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है। यह जानने का प्रयास कर रही है कि महिला किन-किन लोगों के संपर्क में थी और उसके घर कौन-कौन आता था। पुलिस ने यह भी बताया है कि घटना को लेकर कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां मिली है और इस मामले का खुलासा जल्द कर दिया जाएगा।