कोरबा

कोरबा में NH-130 पर भीषण सड़क हादसा, बेकाबू ट्रेलर ने 2 वाहनों को मारी टक्कर, केबिन में फंसा ड्राइवर

Road Accident: कोरबा में नेशनल हाईवे-130 पर पोड़ी उपरोड़ा के पास बुधवार रात 12:30 बजे ट्रेलर ने तीन वाहनों को ठोक दिया। हादसे में दूसरे ट्रेलर का ड्राइवर केबिन में फंस गया।
2 min read
• •
Updated: 22 Nov 2024, 1:02 PM IST
CG Road Accident

CG Road Accident: बिलासपुर-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पोड़ी उपरोड़ा के पास बुधवार की रात हुई सड़क दुर्घटना में ट्रेलर चालक केबिन में फंस गया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। इस अवधि में हाइवे घटना स्थल के पास आम जनता के लिए बंद रहा। दोनों ओर से गाड़ियां रोक दी गई।

घटना कोरबा जिला मुख्यालय से लगभग 42 किलोमीटर की दूरी पर स्थित पोड़ी उपरोड़ा के पास हुई। पोड़ी के पास सड़क किनारे हाईवे पर कटघोरा वार्ड क्रमांक 3 के पार्षद किशोर दिवाकर की कार खड़ी थी। कार के आगे एक स्वराज माजदा ठहरी हुई थी। रात लगभग 12.30 बजे पीछे से आई एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने कार को रगड़ते हुए स्वराज माजदा को ठोकर मार दिया।

वाहन चालक हुआ फरार

घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। जिस स्थान पर यह घटना हुई थी वहां सड़क पर अंधेरा पसरा हुआ था। इसी बीच पीछे से आ रही एक अन्य ट्रेलर ने सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को ठोकर मारा। टक्कर इतना जोरदार था कि दूसरी गाड़ी का केबिन क्षतिग्रस्त हो गया। इसके परखच्चे उड़ गए। चालक ड्राइवर सीट पर केबिन में दब गया। जान बचाने के लिए वह जोर-जोर से चिल्ला रहा था।

इस बीच रास्ते से गुजर रहे लोगों की नजर दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर पर पड़ी। उन्होंने डॉयल 112 पर कॉल कर घटना की जानकारी दी। देर रात पुलिस मौके पर पहुंची। गाड़ी के टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोगों की भी नींद खुद गई थी। ग्रामीणों ने ट्रेलर चालक को बाहर निकालने के लिए पुलिस के साथ मिलकर कड़ी मशक्कत की। केबिन के कई हिस्से को काटकर चालक को बाहर निकाला गया। उसे पास के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।

पैर के हड्डी की तीन टुकड़े

मेडिकल जांच में चालक के एक पैर के हड्डी की तीन टुकड़े होने की पुष्टि हुई है। घायल को गंभीर चोटें आई है। बताया जाता है कि घायल केबिन के अंदर इस तरह फंसा हुआ था कि उसे बाहर निकालना मुश्किल हो गया था तब पुलिस ने रास्ते से गुजर रही गाड़ियों को रोक दिया और चालक को बचाने के लिए ग्रामीणों के साथ मिलकर बाहर निकालने की कोशिश शुरू हुई। करीब तीन घंटे की कोशिश के बाद चालक को बाहर निकाला गया। इस अवधि में हाइवे से होकर आने-जाने वाली गाड़ियों को घटना स्थल के दोनों ओर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

Updated on:
22 Nov 2024, 1:02 PM IST
Published on: