कोरबा

ईएसआईसी अस्पताल अब कोरोना संक्रमितों के ईलाज के लिए पूरी तरह तैयार

ESIC Hospital : कलेक्टर ने किया निरीक्षण, दिए जरूरी निर्देश, डिंगापुर स्थित ईएसआईसी अस्पताल में 135 बिस्तरों वाला विशेष कोविड अस्पताल में सभी जरूरी सुविधाओं की व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
2 min read
• •
Updated: 31 May 2020, 12:57 PM IST
ईएसआईसी अस्पताल अब कोरोना संक्रमितों के ईलाज के लिए पूरी तरह तैयार
ईएसआईसी अस्पताल अब कोरोना संक्रमितों के ईलाज के लिए पूरी तरह तैयार

कोरबा. कोरोना के बढ़ते हुए मरीजों की संख्या को देखते हुए कोरबा में बनाये गये ईएसआईसी अस्पताल अब कोरोना संक्रमितों के ईलाज के लिए विशेष कोविड अस्पताल के रूप में पूरी तरह तैयार है। डिंगापुर स्थित ईएसआईसी अस्पताल में 135 बिस्तरों वाला विशेष कोविड अस्पताल में सभी जरूरी सुविधाओं की व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। कलेक्टर किरण कौशल ने आज कोविड अस्पताल का निरीक्षण किया तथा जरूरी निर्देश भी दिए। इस दौरान नगर निगम आयुक्त एस जयवर्धन, अपर कलेक्टर प्रियंका महोबिया सहित अन्य अधिकारी और डाक्टर भी मौजूद रहे।

कलेक्टर कौशल ने कोविड अस्पताल में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा बिजली की आबाध सप्लाई के लिए जनरेटर का इंतजाम करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने मरीजों के ईलाज में बिजली किसी तरह का बाधक न बने ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर कौशल ने अस्पताल में 24 घंटे शिफ्ट अनुसार मेडिकल टीम को सेवा देने तथा उपस्थित रहने के निर्देश भी दिए। अस्पताल में सेवा देने वाले डाक्टरों के रहने के लिए अस्पताल परिसर में बने आवासीय परिसर का आबंटन करने के निर्देश दिए ताकि मरीजों के ईलाज में कोई असुविधा न हो और डाक्टर तत्काल ईलाज करने के लिए उपस्थित हो सके।

कलेक्टर ने कोरोना के ईलाज के लिए बनाये गये कोविड-19 हास्पिटल की व्यवस्थाओं और आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया और जरूरी व्यवस्थाएं देखीं। साथ ही साथ अस्पताल का निरीक्षण भी किया। कोरोना से ग्रसित मरीजों के ईलाज के लिए अलग-अलग कमरों वाले वार्डों के साथ-साथ गंभीर मरीजों के लिए आक्सीजन एवं वेंटिलेटर की सुविधायुक्त वार्डों की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।

उन्होंने मरीजों के लिए चिन्हाकित किए गए अस्पताल के पूरे क्षेत्र और डाक्टरों, पैरामेडिकल स्टॉफ आदि के लिए निर्धारित क्षेत्र के बीच पूरी तरह से अलग-अलग व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि डाक्टरों तथा स्वास्थ्य कर्मियों को ईलाज के दौरान संक्रमण से बचाया जा सके। कौशल ने डाक्टरों तथा पैरामेडिकल स्टाफ को मरीजों के ईलाज के बाद डिसइन्फेक्ट करने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं अनिवार्यत: सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर किरण कौशल ने बताया कि विशेष कोविड अस्पताल में प्रतिदिन छह डाक्टरों को मरीजों के ईलाज के लिए ड्यूटी पर लगाया जाएगा। कोरोना संक्रमितों के ईलाज के लिए विशेष प्रशिक्षित मेडिकल स्पेशलिस्ट के साथ 12 नर्सिंग स्टाफ और चार वार्ड ब्वाय भी यहां ड्यूटी देंगे। कौशल ने बताया कि इस अस्पताल में सभी जरूरी दवाईंयां, पीपीई किट, मास्क, सेनेटाईजर आदि की पर्याप्त संख्या में पहले से ही व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

ईलाज के दौरान निकलने वाले संवेदनशील संक्रमित मेडिकल वेस्ट के उचित निपटान के लिए अलग-अलग डस्टबीन भी पूरी सावधानी के साथ रख गए हैं। प्रतिदिन मेडिकल वेस्ट को अस्पताल से हटाने के लिए विशेष वाहन की भी व्यवस्था की गई है। दवाओं के वितरण के लिए एक फार्मासिस्ट भी यहां उपलब्ध है।

Updated on:
31 May 2020, 12:57 PM IST
Published on: