मान्यता रदद् होने के पीछे मुख्यालय ने सेंटर संचालिका को जिम्मेदार ठहराया है।
कोरबा . पावर हाउस रोड में संचालित एनएएफएस (नेशनल एकेडमी ऑफ फायर एंड सेफ्टी इंजीनियरिंग) के सेंटर को मुख्यालय ने टर्मिनेट कर दिया है। जून में परीक्षा होनी थी। इससे पहले सेंटर की मान्यता रदद् होने से सेंटर के 45 छात्र सड़क पर आ गए हैं। मान्यता रदद् होने के पीछे मुख्यालय ने सेंटर संचालिका को जिम्मेदार ठहराया है।
सेंटर का संचालन अनिता यादव द्वारा किया जाता है। किराए के दो कमरों में संचालित इस सेंटर में किसी प्रकार की सुविधा नहीं है। जबकि नेशनल एकेडमी ऑफ फायर एंड सेफ्टी इंजीनियरिंग नागपुर द्वारा सेंटर के लिए मान्यता देने से पूर्व पूरी गाइडलाइन के साथ छात्रों को ट्रेनिंग देने के लिए एग्रीमेंट हुआ था। टर्मिनेट नोटिस के मुताबिक संचालिका अनिता यादव को कई बार इसके लिए मुख्यालय से नोटिस दिया गया कि सुविधाएं बढ़ाई जाएं।
पूरे मापदंडों के आधार पर ट्रेनिंग दी जाएं। लेकिन उसके बाद भी सुविधाएं जस की तस रही। यहां तक की रोजाना प्रार्थना के लिए जगह नहीं होने पर छत्त पर यह कराया जा रहा था। साल भर बीतने के बाद भी किसी भी छात्र को अब तक ट्रेनिंग के लिए किसी संयंत्र तक नहीं भेजा गया था। नौ अप्रैल को संस्था की मान्यता को टर्मिनेट कर दिया गया। इससे छात्र मुश्किल में आ गए हैं। छात्रों ने इसकी शिकायत बुधवार को सीएसईबी चौकी में की।
Read More : चिरायु योजना के तहत नि:शुल्क बालहृदय जांच शिविर का हुआ आयोजन
मंगलवार की देर शाम छात्रों को सेंटर के टर्मिनेट होने की जानकारी मिली। तबसे वे संचालिका अनिता यादव से चर्चा करने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन किसी प्रकार का जवाब उन्हें नहीं दिया जा रहा है। ऐसे में छात्रों ने चौकी मेें शिकायत दर्ज कराई है।
- हमारा तीन साल के लिए एग्रीमेंट हुआ था। हेड ऑफिस ने सेंटर को टर्मिनेट क्यों किया इसके लिए हम नागपुर में अधिकारियों से मिलने पहुंचे हुए हैं- अनिता यादव संचालिका सेंटर
-बुधवार को सेंटर के छात्रोंं ने इसकी शिकायत की है। मामले की जांच की जाएगी। कहीं भी संचालिका द्वारा गलती पाई गई तो इसपर कार्रवाई होगी- परमेश्वर राठौर, सीएसईबी चौकी प्रभारी