
Rodents: वनमंडल कटघोरा अंतर्गत पाली नर्सरी के पास एक उड़न गिलहरी मिली है जो फेंसिंग तार में फंसी हुई थी। वन विभाग ने गिलहरी को रेस्क्यू कर लिया है। प्राथमिक उपचार के बाद इसे छोड़ दिया।
बताया जाता है कि वन परिक्षेत्र पाली कार्यालय के सामने वन विभागी की नर्सरी है। नर्सरी में पौधों की सुरक्षा के लिए चारों ओर फेंसिंग तार लगाए गए हैं। इस तार में फंसी एक गिलहरी दिखाई दी। वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो गिलहरी फंसी हुई थी। उसके शरीर से खून बह रहा था। गिलहरी फेंसिंग तार से बचने के लिए छटपटा रही थी। यह देखकर गिलहरी को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसका उपचार किया गया।
दुर्लभ है उड़न गिलहरी
उड़न गिलहरी दुर्लभ जीव में शामिल है। कोरबा और कटघोरा वनमंडल के जंगलों में अब यह गिलहरी बहुत कम दिखाई देती है। वन विभाग मानता है कि गिलहरी की यह प्रजाति गिनती की ही बची है। इसके पहले उड़न गिलहरी ट्रांसपोर्ट नगर के एक ट्रेलर में मिली थी। ट्रेलर चालक रायगढ़ छाल से कोयला अनलोड करने के बाद वापस कुसमुंडा जा रहा था। इस बीच उसकी गाड़ी में कुछ तकनीकी खराबी आई थी। चालक ट्रेलर लेकर ट्रांसपोर्ट नगर पहुंचा तो डाला में उड़न गिलहरी मिली थी। इसे वन विभाग को सौंपा गया था।