कोरबा

युवक था बेरोजगार, फिर एक रोज मोबाइल में आया रोजगार का मैसेज, इसके बाद इस तरह हुई 14 लाख 90 हजार की ठगी

- ठगी की यह सनसनीखेज घटना एसईसीएल के बांकीमोंगरा की है, मोबाइल पर पिछले साल एक आया था मैसेज
2 min read
Mar 22, 2018
युवक था बेरोजगार, फिर एक रोज मोबाइल में आया रोजगार का मैसेज, इसके बाद इस तरह हुई 14 लाख 90 हजार की ठगी

कोरबा . मोबाइल पर आए मैसेज को पढ़कर एक युवक ठगों की जाल में फंस गया। रोजगार की आस में बेरोजगार युवक ने पिता की गाढ़ी कमाई का 14 लाख 90 हजार रुपए गवां दिया। ठगी की यह सनसनीखेज घटना एसईसीएल के बांकीमोंगरा की है। सोमवारी बाजार में रहने वाले विवेककांत समीर के मोबाइल पर पिछले साल एक मैसेज आया। उसमें लिखा था कि मैन स्कवायड एजेंसी में रोजगार के अवसर हैं।

युवक मैसेज भेजने वाले नंबर पर सम्पर्क किया। कॉलर ने बताया कि एजेंसी काम के लिए लोगों की भर्ती करती है। कंपनी को चार हजार लोगों की जरूरत है। कॉलर ने समीर को बताया कि वह एजेंसी के लिए काम करे। इसके बदले कंपनी एक व्यक्ति की भर्ती करने पर 60 हजार रुपए देगी। 20 फीसदी इंसेटिव भी मिलेगा। कॉलर की बातों को सुनकर समीर झांसे में आ गया। उसने एजेंंसी में काम के लिए हामी भर दी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी।

कॉलर खुद का नाम संदीप कुमार बताकर समीर से बात करता था। उसने समीर को प्रक्रिया पूरी करने के लिए पहले चार हजार रुपए की मांग की। फिर कंपनी में काम करने के लिए आईडी बनाने के लिए पैसे मांगा। अलग-अलग किस्तों में समीर से 14 लाख 90 हजार रुपए लिया। समीर को नौकरी नहीं मिली। युवक को ठगी का एहसास हुआ। उसने कॉलर संदीप से पैसे लौटाने का कहा। पैसे नहीं मिले। समीर ने घटना की शिकायत बांकीमोंगरा थाने में थी। पुलिस ने जांच के बाद संदीप सहित दो अन्य युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। समीर बेरोजगार है। कक्षा 12वीं तक शिक्षा ग्रहण की है।

पिछले साल 28 जनवरी से शुरू हुई ठगी
पुलिस को समीर ने बताया कि उसने पिछले साल 28 जनवरी को पहली किस्त ठगों के बैंक अकांउट में जमा किया था। दो जनवरी 18 तक ठगों ने उससे 14 लाख 90 हजार रुपए ठग लिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पिता की कमाई गवांई
समीर के पिता अर्जुन पासवास एसईसीएल के कर्मचारी हैं। समीर ने रोजगार की चाहत में खुद के अलावा पिता से भी पैसे लेकर मैन स्कवायड एजेंसी के नाम से बात करने वाले संदीप और उसके दो अन्य साथियों के अकाउंट नंबर पर जमा किया है।

-मैन स्कवायड एजेंसी में नौकरी का झांसा देकर युवक से 14 लाख 90 हजार रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस केस दर्ज करके जांच कर रही है- अशोक पांडे, थानेदार, बांकीमोंगरा

Updated on:
22 Mar 2018 10:47 am
Published on:
22 Mar 2018 10:47 am