
कोरबा. सउदी अरब में रहने वाला एक युवक कोरबा की एक लड़की का अश्लील विडियो फेसबुक, वॉट्सएप और अन्य सोशल साइट पर वायरल कर रहा है। इससे युवती तनाव में है। मामला बालकोनगर थाना क्षेत्र का है। बताया जाता है कि उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले का रहने वाला शंभू यादव उर्फ पिंटू अपनी शादी के लिए लड़की की तलाश में एक युवती के घर पहुंचा था। युवती के घर उसकी पुरानी रिश्तेदारी थी। युवती के घर में युवक करीब तीन माह तक ठहरा। इस बीच दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए।
युवती ने पुलिस को बताया है कि शंभू ने उसकी अश्लील फोटो अपनी मोबाइल में खींच लिया। युवक अपने घर फतेहपुर लौट गया। किसी कारण से दोनों की शादी का रिश्ता तय नहीं हुआ। तब शंभू ने युवक को बदनाम करने की साजिश रची। उसने अश्लील फोटो को लड़की के जीजा के पास वाट्सएप से भेज दिया। युवती की तस्वीर सोशल मीडिया में भी वायरल कर दिया। तस्वीर देखकर युवती हैरान हो गई। उसने बालकोनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है।
शंभू की मां को भी पुलिस ने बनाया आरोपी
लड़की ने पुलिस को दिए बयान में बताया है कि फोटो वायरल करने की सूचना पर शंभू को समझाइश दी गई थी। शंभू नहीं माना। उसने उल्टा युवती को धमकाया। पीडि़त का आरोप है कि उसने शंभू की मां शांति देवी यादव को भी फोटो वायरल करने की जानकारी दी थी। शांति ने भी लड़की को धमकाया। उसे अपमानित करने की बात कही।
आरोपी सउदी अरब में
पुलिस को पता चला है कि आरोपी शंभू पिछले साल जून में पहली तारीख को युवती के घर पहुंचा था। यहां से फतेहपुर लौट गया। फिर काम की तलाश में सउदी अरब पहुंचा। शंभू सउदी अरब में रहकर चार माह से युवती की तस्वीर को वायरल कर रहा है। पुलिस के लिए आरोपी की गिरफ्तारी चुनौती बन गई है।