
कोरबा. शनिवार की दोपहर से शुरू हुई मूसलाधारा बारिश (Heavy Rain) पिछले 30 घंटे से लगातार जारी है। जाते-जाते मानसून ने लौटकर ऐसा रौद्र रूप दिखाया कि शहर सहित उपनगरीय क्षेत्र पानी-पानी हो गया। शहर के वार्ड नंबर तीन राताखार बस्ती व गेवरा का ऊर्जा नगर कालोनी में तीन फीट तक पानी भर गया। रविवार सुबह जब लोग घरों में आराम कर रहे थे। इसी वक्त पानी मकानों में घुसने लग गया। लोगों में अफरा-तफरी मच गई। एसईसीएल के अफसर फोन करने के बाद भी पानी निकासी के लिए अब तक नहीं पहुंचे हैं। राताखार बस्ती का भी यही हाल है। पार्षद के सूचना देने के बावजूद निगम का अमला बस्ती से पानी निकासी और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम अब तक शुरू नहीं किए हैं।
मौसम विभाग की मानें तो क्षेत्र में आज दिन भर इसी तरह मूसलाधार बारिश (Heavy Rain) जारी रहेगी। चक्रवात के मजबूत होने के बाद शनिवार से बारिश का सिलसिला फिर से रफ्तार पकडऩे लग गया है। शहर सहित गांव पानी-पानी हो चुके हैं। शहर के मुख्य मार्गों में पानी जमा होने लगा है। घंटाघर से बुधवारी मार्ग पर पानी ओवरफ्लो होने लगा था। यही हाल पावर हाउस रोड स्थित सोनालिया पुल पर भी देखने को मिला। टीपी नगर चौक में भी पानी जमा हो गया था। अगर इसी तरह बारिश जारी रही तो दोपहर तक स्थिति और भी विकराल हो सकती है।
शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों के कई नदी-नाले भी उफान पर आ गए हैं। पाली का नानपुलाली पुल से पानी ओवरफ्लो होने लगा है, तो वहीं कुदमुरा से श्यांग मार्ग पर स्थित झोरखी नाला का भी जल स्तर बढ़ गया है। हसदेव नदी का भी स्तर सुबह से बढऩे लगा है। बांगों बांध मेें अब तक 85 फीसदी पानी का भराव हो चुका है। दर्री डेम सहायक नदियों की वजह से छलकने की कगार पर है।