Korba Fire News: कोरबा जिले में नेशनल हाईवे पर मंगलवार सुबह कोयले से लदे ट्रेलर और सीमेंट से भरे ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई।
Korba Fire News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में नेशनल हाईवे पर मंगलवार सुबह कोयले से लदे ट्रेलर और सीमेंट से भरे ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। हादसे में ट्रक चालक के केबिन में फंस जाने से जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि ट्रेलर चालक ने कूदकर अपनी जान बचा ली।
घटना मोरगा पुलिस चौकी क्षेत्र के केंदई झरना के पास सुबह करीब 8 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, कोयला लोड ट्रेलर कोरबा की ओर से आ रहा था, जबकि सीमेंट से भरा ट्रक अंबिकापुर की दिशा से आ रहा था। दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे। मोड़ पर संतुलन बिगड़ने से आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि देखते ही देखते दोनों वाहनों में आग लग गई। कोयला लदे ट्रेलर का चालक समय रहते वाहन से कूद गया, लेकिन सीमेंट ट्रक का चालक केबिन में ही फंस गया और आग की लपटों में घिर गया। मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मोरगा चौकी प्रभारी मंगतूराम मरकाम पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल विभाग को भी सूचना दी गई, लेकिन दमकल वाहन कटघोरा से आने के कारण घटनास्थल तक पहुंचने में काफी समय लग गया। तब तक आग ने दोनों वाहनों को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृत चालक की पहचान और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है। हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा।