
Korba Crime News: कोरबा जिले में एक के बाद एक चाकूबाजी की घटनाओं ने पुलिस की नींद उड़ा दी है। दो दिन पहले पंप हाउस में दिनदहाड़े एक युवती के पीठ में चाकू घोंपकर बदमाश फरार हो गए थे। इसका कोई सुराग पुलिस को नहीं मिला है। इसी बीच सोमवार को उरगा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े तकरीबन 2.30 बजे एक किशोरी के गर्दन पर 5 बदमाशों ने चाकू से वार कर दिया है। ताजा मामले में पीड़िता और पांच आरोपी सभी नाबालिग हैं, जिनके बीच किशोरावस्था के प्रेम प्रसंग को इस घटना की प्रमुख वजह बताया गया है।
उरगा थाना क्षेत्र में इस घटना को अंजाम देने वाले तीन नाबालिगों को पुलिस ने पकड़ लिया है, जबकि दो अब भी फरार हैं। किशोरी का इलाज मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जारी है, जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पीड़ित किशोरी की उम्र लगभग 15 वर्ष है, जो उरगा थाना क्षेत्र की निवासी है, जिसे गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। किशोरी की हालत नाजुक है, गर्दन पर चाकू से हुए हमले के कारण वह बोल नहीं पा रही है। लेकिन उसने लिखकर आरोपियों के नाम बताया है, जिससे पुलिस को अहम सुराग मिले हैं।
पुलिस की प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी युवती को पहले से जानते थे, सोशल मीडिया के जरिए पांच आरोपियों में से मुख्य आरोपी की पीड़िता से बात होती थी। व्हाट्स एप पर किए गए पर्सनल मैसेज को नजरअंदाज किए जाने पर इस घटना को अंजाम दिए जाने की बातें फिलहाल सामने आई हैं। हालांकि विस्तृत जानकारी पुलिस की जांच पूरी हो जाने पर मिलेगी।
जानकारी के अनुसार सोमवार को दोपहर में किशोरी अपने घर की ओर जा रही थी, तभी रास्ते में बाइक सवार 5 नाबालिग लडक़ों ने उसे घेर लिया और चाकू से हमला कर दिया। आरोपियों ने सीधे उसके गले पर चाकू से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ी। मामले में तहसीलदार द्वारा किशोरी का बयान दर्ज किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उरगा थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
चाकूबाजी की घटना के बाद कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव की 15 वर्षीय नाबालिग लडक़ी के साथ चाकू से हमला करने की घटना हुई है। घटना में पीड़िता के गले पर गंभीर वार किया गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीडि़ता के पिता के कथन के आधार पर हत्या का प्रयास में अपराध पंजीबद्ध कर प्रकरण में विधिवत जांच प्रारंभ की गई है। प्रकरण में कुल 5 आरोपियों की संलिप्तता पाई गई है। इनमें से तीन नाबालिग हिरासत में लिए गए हैं, जबकि फरार दो आरोपियों की तलाश जारी है।