कोरबा

कुत्ते को बचाने के चक्कर में SUV पलटी, मौके पर ही SI की मौत, आरक्षक समेत 3 घायल

Korba Road Accident: छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में दर्दनाक हादसा हो गया है। कुत्ते को बचाने के चक्कर में पुलिसगाड़ी पलटने से SI विलायत हुसैन की मौत हो गई।
2 min read
• •
Updated: 10 Nov 2024, 8:10 AM IST
Korba Road Accident, patrika news, cg news accident, road accident

Korba Road Accident: उत्तरप्रदेश के कानपुर से दुष्कर्म के आरोपी की पतासाजी कर लौट रही कोरबा पुलिस की एसयूवी गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले में अनियंत्रित होकर पलट गई, इसमें सब इंस्पेक्टर विलायत हुसैन की मौत हो गई। दो सिपाही और एसयूवी चालक घायल हो गए। घायल सिपाही शैलेंद्र तंवर की हालत गंभीर होने के कारण उसे अपोलो बिलासपुर रेफर किया गया है।

यह दुर्घटना शनिवार सुबह लगभग 6 बजे की बताई जा रही है। मध्यप्रदेश की सीमा से होकर कोरबा पुलिस की एसयूवी छत्तीसगढ़ में दाखिल हुई। गौरेला थाना क्षेत्र में ग्राम खंता के पास गाड़ी के सामने अचानक श्वान आ गए। इसे देखकर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे गाड़ी अनियंत्रित हो गई और सड़क से उतरकर समतल मैदान में जाकर पलट गई। रास्ते से गुजर रहे लोगों की नजर घायलों पर पड़ी तो उन्होंने घटना की सूचना गौरेला थाने को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से एसयूवी में सवार लोगों को बाहर निकाला। तब तक एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।

6 माह पहले आए थे कोरबा

मृतक की पहचान सब इंस्पेक्टर विलायत हुसैन के रूप में की गई है। विलायत मूलत: दुर्ग-भिलाई के रहने वाले थे। लगभग 6 माह पहले तबादले पर कोरबा आए थे। उनकी वर्तमान पदस्थापना पाली थाने में थी। सड़क दुर्घटना में सिपाही शैलेंद्र तंवर और नारायण कश्यप के अलावा चालक करमू सिंह को भी चोटें आई हैं। स्थिति गंभीर होने के कारण शैलेंद्र को हायर सेंटर भेजा गया है।

तीन दिन पहले गई थी टीम

पुलिस ने दुष्कर्म का एक केस दर्ज किया था, इसमें शामिल आरोपी के उत्तरप्रदेश के कानपुर में छिपे होने की जानकारी मिली थी। कोरबा पुलिस लाइन से एसयूवी को उत्तरप्रदेश भेजा गया था। टीम का नेतृत्व सब इंस्पेक्टर विलायत हुसैन कर रहे थे, जबकि उनके कार्यों में सहयोग देने के लिए सिपाही नारायण कश्यप और शैलेंद्र तंवर को शामिल किया गया था।

Updated on:
10 Nov 2024, 8:10 AM IST
Published on: