शनिवार की रात 10 बजे से ट्रक के ड्राइवर और पोकलेन के ऑपरेटर हड़ताल पर हैं।
कोरबा. एसईसीएल की मानिकपुर खदान में ड्राइवरों की हड़ताल जारी है। शनिवार की रात 10 बजे से ट्रक के ड्राइवर और पोकलेन के ऑपरेटर हड़ताल पर हैं। इससे खदान से स्टॉक तक कोयले का परिवहन बंद हो गया है। मिट्टी के उत्खनन भी प्रभावित हुआ है।
बताया जाता है कि मानिकपुर खदान में काम की कमी का हवाला देकर ठेका कंपनी शिवम कोल केरियर ने 12 ड्राइवरों का रायगढ़ तबादला कर दिया है। चार ट्रकों को रायगढ़ भेज दिया है। इससे ड्राइवरों में आक्रोश है। ड्राइवरों का कहना है कि ट्रांसफर करने से पहले ठेका कंपनी ने उनकी राय नहीं जानी। एक तरफा निर्णय लिया। इससे आक्रोशित ड्राइवरों ने काम बंद कर दिया है।
इसका व्यापक असर खदान में पड़ रहा है। खदान में मिट्टी उत्खनन का काम बंद हो गया। फेस से स्टॉक तक शिवम कोल केरियर की गाडिय़ों का कोयला ढुलाई बंद हो गया है। हड़ताली ड्राइवर मानिकपुर खदान क्षेत्र में पर्ची घर के पास जमे हुए हैं। उनका कहना है कि जबतक मांग पूरी नहीं होती काम पर नहीं लौटेंंगे।
जीएम नहीं कर सके वादा पूरा
हड़ताली ड्राइवरों ने शनिवार को भी मानिकपुर खदान में काम बंद किया था। इसके बाद प्रबंधन हरकत में आया था। हड़तालियों का समर्थन कर रहे इंटक नेता गोपालनाराण सिंह की कोरबा जीएम जय प्रकाश द्विवेदी के एक साथ वर्ता हुई थी।
इसमें ड्राइवरों ने तबादले के अलावा सीएमपीएफ का नंबर अभीतक नहीं दिए जाने की बात कही थी। इसपर जीएम ने चार घंटे में सभी ठेका कर्मियों को सीएमपीएफ नंबर देने का वादा किया था। जीएम के आश्वासन पर ड्राइवर काम पर लौट गए थे। लेकिन आश्वासन झूठा साबित हुआ। ड्राइवर शनिवार की रात 10 बजे से फिर हड़ताल पर चले गए।