कोरबा

दिल्ली में मीटिंग : कोल इंडिया में १६ की प्रस्तावित हड़ताल स्थगित

कई दिनों से चल रही थी तैयारी

2 min read
Apr 14, 2018
korba news,korba news in hindi,

कोरबा . कोल इंडिया में १६ अप्रैल को प्रस्तावित हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। शुक्रवार को दिल्ली में कोल इंडिया प्रबंधन और यूनियन नेताओं के बीच चली लंबी बैठक में यह फैसला लिया गया है। इस बैठक में सभी श्रमिक यूनियन के पदाधिकारियों ने कोल इंडिया के सचिव के साथ कमर्शियल माइनिंग सहित सभी मुद्दों को रखा। लंबी चर्चा के बाद कोल इंडिया प्रबंधन ने इन सभी मांागों पर गंभीरतापूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। इसके बाद यूनियन नेताओं ने हड़ताल स्थगित करने पर राजी हो गयी। हड़ताल स्थगित होने से कोल इंडिया प्रबंधन को बड़ी राहत मिल गयी है। पिछले कई दिनों से प्रबंधन हड़ताल स्थगित करने के लिए वार्ता कर रहा था। गुरुवार को भी मुंबई में मीटिंग हुई थी लेकिन तब संतोषजनक हल नहीं निकला था। इसके बाद शुक्रवार को दिल्ली में मीटिंग हुई और दोनों पक्षों के बीच मांगों को लेकर चर्चा के बाद हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया। वार्ता में शामिल जेबीसीसीआई के सदस्य नाथू लाल पांडेय ने बताया कि हड़ताल स्थगित कर दी गयी।

हड़ताल स्थगित करने के फैसले की जानकारी सभी श्रमिक संगठनों के स्थानीय पदाधिकािरयों को देर रात दी गयी। इसके साथ ही इस हड़ताल को सफल बनाने के लिए चल रही तैयारियों को विराम लग गया। इसी सिलसिले में शुक्रवार को एटक कार्यालय गेवरा में संयुक्त यूनियन की मीटिंग आयोजित की गयी थी। इसमें मुख्य रूप से एचएमएस के रेशम लाल यादव, एसईसीएल गेवरा के सचिव एससी मंसूरी, एटक से केपी शर्मा व गौतम मुखर्जी, सीटू से विमल सिंह, इंटक से बीएन शुक्ला सहित बड़ी संख्या में श्रमिक संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। एसईसीएल संयुक्त केन्द्रीय श्रमिक संगठन गेवरा प्रोजेक्ट के सचिव एससी मंसूरी ने बताया कि हड़ताल स्थगित होने की जानकारी संबंधित पदाधिकारियों को दी जा रही है। यूनियन नेता और कर्मचारी अब सरकार के फैसले के इंतजार में हैं।

Published on:
14 Apr 2018 10:37 am