उरगा से भैसमा- करतला मार्ग में बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं लेकिन प्रशासनिक मशीनरी को यह सब नजर नहीं आ रहा है।
भैसमा/करतला. उरगा से भैसमा- करतला मार्ग में बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं लेकिन प्रशासनिक मशीनरी को यह सब नजर नहीं आ रहा है। ऐसे में इस मार्ग पर लोगों का आवागमन करना जोखिम भरा हो गया है। करीब 6-7 माह पूर्व इस मार्ग का मरम्मतीकरण किया गया था लेकिन भारी वाहनों के दिन-रात आवागमन से सड़क पूरी तरह जर्जर हो गई है। सड़क की स्थिति को देख कर चिंतित रामपुर विधायक श्याम लाल कंवर ने इस मामले में कई बार प्रशासन को अवगत कराया गया फिर भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
इससे रामपुर विधायक ने नाराजगी जताते हुए पुन: चेतावनी दी है कि अगर तीन दिन के भीतर प्रशासन रोड का मरम्मत कार्य नहीं कराता है तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। विधायक ने बताया कि उनके द्वारा कई बार प्रशासन को उरगा-भैसमा मार्ग के खराब होने की सूचना दी गयी है और जिलाधीश को भी अवगत कराया गया था लेकिन सुधार कार्य नहीं किया गया।
इस मार्ग पर क्षमता से अधिक ओवर लोड वाहन धड़ल्ले से चल रहे हैं। इस कारण उरगा से हाटी मार्ग की हालत दिनों-दिन खराब होते जा रही है। यह सड़क ओवर लोड वाहनों के चलते निर्माण के महज कुछ सालों में ही दम तोडऩे लगी है। अब भारी वाहनों सड़क की स्थिति को और भी खराब कर दिया है। लोक निर्माण विभाग द्वारा उरगा से हाटी तक डामरीकृत सड़क का निर्माण कराया गया था। 55 किमी की यह सड़क जगह.जगह से उखड़ चुकी है। इस मार्ग पर 35 टन से ऊपर भार वाले ओवर लोडेड वाहन धड़ल्ले से चल रहे है। जबकि इस सड़क पर 25 टन से ऊपर लोड वाले वाहनों का आवागमन वर्जित है। ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग से बालको माइंस से भरी ट्रकों का आवागमन होता है। इसके कारण सड़क की हालत बिगड़ती जा रही है। पूर्व में इस मार्ग से बड़े वाहनों की आवाजाही कम थी। लेकिन रायगढ़ कोयला डीओ मिल जाने के बाद भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है।
राहगीरों को हो रही परेशानी- यह मार्ग वनांचल क्षेत्र के गांवों को शहर की सड़कों से जोड़ती है। इससे पूर्व यह मार्ग काफी जर्जर थीं। क्षेत्रवासियों व राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। इस मार्ग पर सड़क की मरम्मत की मांग लंबे अर्से से की जा रही थी। तब कहीं जाकर शासन द्वारा सड़क मरम्मत की स्वीकृति दी गई। लेकिन सड़क मरम्मत के कुछ समय बाद ही इसकी स्थिति खराब होने से क्षेत्रवासियों में रोष व्याप्त है। लेकिन लगातार इस मार्ग पर भारी वाहन चलते रहेंगे तो इस सड़क का अस्तित्व ही समाप्त हो जाएगा। क्षेत्र की इस महत्वपूर्ण सड़क की खराब स्थिति को सुधारने की मांग ग्रामीणों ने रामपुर विधायक एवम् संसद से की गई है।
जर्जर सड़क से आवागमन करने में हो रही परेशानी- जर्जर सड़क से उरगा-भैसमा मार्ग में लोगों का अवागमन में काफी परेशानी हो रही है। सड़क में बड़े-बड़े गडढे होने से वाहन गडढ़े में फस रहे है। लेकिन विभाग की लापरवाही से मरम्मत कार्य नहीं कराया जा रहा है। उरगा-भैसमा मार्ग जर्जर हो चुकी है। सड़क की गिट्ट व डामर उखड़ कर बाहर आ गए है। ऐसे में सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए है। जिससे लगातार दुर्घटना हो रहे हैं। वहीं कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वाहन गड्ढे में फस जाते हैं। इसके बावजूद प्रशासन मरम्मत के लिए प्रयासरत नहीं है।
इस मार्ग की दयनीय हालत की जानकारी क्षेत्रिय प्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारियों को दी गई। लेकिन सड़क मरम्मत कराने में लापरवाही बरत रही है। जनप्रतिनिधि लोक निर्माण विभाग के अनुविभागीय अधिकारी बीआर साव से इस सड़क के सुधार के लिए संपर्क किया गया। उन्होंने बताया कि यह सड़क आरडीसी में चला गया है। इसके निर्माण की जवाबदारी अब आरडीसी की है। निर्माण कार्य बरसात के बाद शुरू होगा। इसतरह की लापरवाही से बड़ी दुर्घटना की संभावना बनी हुई है। लेकिन विभाग मरम्मत कराना मुनासिब नहीं समझ रहा है।