कोरबा. निगम का दावा था कि इस बारिश में शहर की सड़कें गड्ढे मुक्त रहेंगे, हकीकत ये है कि पहली ही बौछार में सड़कें गड्ढों से छलनी हो गई है। कई सड़कें टेंडर प्रक्रिया में उलझी हुई है तो कुछ का भूमिपुजन के बाद भी काम शुरु नहीं हो सका है। अब बारिश की वजह से चार महीने काम नहीं हो पाएगा, ऐसे में परेशानी और बढ़ेगी।
वार्ड क्रमांक ५१ सरदार वल्लभभाई पटेल नगर के चौरसिया पोल्ट्री फॉर्म से एनटीपीसी प्लांट रोड तक की सड़क का टेंडर के बाद निगम ने ११ मार्च को ही भूमिपुजन कर दिया था। भूमिपुजन के बाद भी अब तक काम शुरु नहीं हो सका है। दावा था मई तक काम पूरा कर लिया जाएगा। अब जून बीतने को आ गया, लेकिन काम शुरु नहीं हो सका है। अब बारिश में सड़क पर पानी भर गया है, गड्ढों से बचते हुए वाहन चालक गुजर रहे हैं। सड़क हादसे की संभावना बढ़ गई है। वार्डवासियों में इसे लेकर आक्रोश देखा जा रहा है।
एक ही ठेकेदार को पांच सड़क देने की वजह से देरी
बताया जा रहा है कि नगर निगम ने बिलासपुर के एक ठेकेदार को पांच सड़क का एक साथ ठेका दिया गया है। स्थिति ये है कि इन पांच में से दो सड़़क का काम शुरु नहीं हो पाया है और एक सड़क का काम बीच में रुका हुआ है। जबकि ठेकेदार को वर्कआर्डर चार महीने पहले दे दिया गया था।
गड्ढे पाटे तो मिले राहत, इसमें भी देरी
जिन ठेकेदारों को वर्कआर्डर किया जा चुका है, उनके टेंडर में शामिल है कि बारिश के दिनों तक काम पूरा नहीं होता है तो कम से कम गड्ढे पाट दिए जाएंगे जिससे आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े, लेकिन ठेकेदार गड्ढे तक नहीं पाट रहे हैं। अधिकारी भी ठेकेदारों पर दबाव नहीं बना रहे हैं।
बरमपुर वार्ड की सड़कों में हर जगह कीचड़
बरमपुर वार्ड में बारिश के बाद सड़कों पर हर जगह कीचड़ का सामना करना पड़ रहा है। गड्ढों में पानी भर गया है, पानी निकासी की व्यवस्था नहीं है। इस वजह से बारिश का पानी सड़क पर जमा हो रहा है। वार्डवासियों ने सड़कों की मरम्मत की मांग की थी, लेकिन काम शुरु नहीं हो सका है।
मंगलम विहार की सड़क बन जाना था, काम शुरु नहीं
कोसाबाड़ी में मंगलम विहार की सड़क गड्ढों में गुम हो गई है। अब तक सड़क का काम पूरा होना था। करीब ५० लाख की लागत से काम होना था, टेंडर में देरी की वजह से शुरु नहीं हो सका है। पिछले साल जब लोगों ने प्रदर्शन किया था तब दावा किया गया था अगली बारिश तक काम पूरा कर लिया जाएगा। आरएसएस नगर की सड़क नहीं हुई तैयार रविशंकर नगर की सड़कों का काम बीच में ठेकेदार ने रोक दिया था। इस वजह से काम निर्धारित समय पर पूरा नहीं हो सका। अब बारिश में डामरीकरण का काम प्रभावित हो रहा है। ऐसे में सड़कों को लेकर लोगों की परेशानी बनी हुई है। वार्डवासियों में आक्रोश व्याप्त है।