कोरबा@पत्रिका. बिलासपुर से कार में उदयपुर जा रहे मांमा भांजा मोरगा के पास सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। मामा की मौत हो गई। भांजा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक सेना का सिपाही बताया जा रहा है, जो छुट्टी पर घर आया था।
जिला सूरजपुर अंतर्गत विकासखंड उदयपुर के गांव पंडरीडांड का रहने वाला रमेश कुमार कंवर अपने मामा बंकेश्वर सिंह के साथ कार सीजी 12 ईसी 0449 से बिलासपुर के रास्ते घर लौट रहा था। कटघोरा से उदयपुर के बीच मोरगा क्षेत्र में मदनपुर के पास रात लगभग 12.45 बजे रास्ते में सड़क पर अचानक मवेशी पहुंच गए। चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया।
कार सड़क किनारे स्थित रेलिंग को तोड़ते हुए खाई में गिर गई। रमेश और बंकेश्वर को गंभीर चोटें आई। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। बंकेश्वर की मौत हो गई। रमेश को गंभीर चोटें आई है। घटना के समय कार बंकेश्वर चला रहा था। रमेश ड्राइवर सीट के बाजू में बैठा था। सूचना पर पुलिस केस दर्जकर जांच कर रही है।
बंकेश्वर पर लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने का केस दर्ज किया गया है। घटना तीन जनवरी की रात लगभग १२.४५ बजे की बताई जा रही है। घायल मामा भांजा कार में पड़े थे। इस बीच किसी व्यक्ति ने उनकी सहायता करने के बजाए रमेश के गले से सोने की चेन और पर्स छीन लिया। पर्स में रमेश का अर्मी परिचय पत्र सहित अन्य महत्वपूर्ण कागजे थे।
नटराज केमिकल में ऊंचाई से गिरा मजदूर, गंभीर चोट लगने से मौत
कोरबा@पत्रिका. इंडस्ट्रीयल एरिया में ऊंचाई से गिरकर एक मजदूर की मौत हो गई। बताया जाता है कि जिला बलौदाबाजार अंतर्गत बिलाइगढ़ के गांव छुहियापारा का रहने वाला गोपाल रात्रे लगभग 8-10 साल से इंडस्ट्रीयल एरिया में रहता था। रोजी मजदूरी का काम करता था। शुक्रवार को नटराज केमिकल में काम करने के लिए गया हुआ था। फैक्ट्री का मालिक गोपाल रात्र को टिन की शेड पर चढ़ाकर काम करा रहा था। इस बीच शेड टूट गया। मजदूर गोपाल नीचे गिर गया।
उसे आनन- फानन में कोरबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। गंभीर चोट लगने से मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है। बताया जाता है कि गोपाल इंडस्ट्रीयल एरिया में मकान बनाकर रहता था। उसकी मौत से चार बच्चों के सिर से पिता का छाया हट गया है।