Theft Case: चोरी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें चोरों ने घर में घुसकर बड़े इत्मिनान से रसोई में खाना बनाया और खाया। फिर डेढ़ लाख का माल पार कर दिया।
कोरबा . जिले में चोर बेखौफ होकर सूने मकान में चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। चोरों ने एक सूने मकान में धावा बोलकर नगदी समेत लाखों की चोरी की वारदात को बड़े इत्मिनान से अंजाम दिया है।
कटघोरा से लगे ग्राम रामपुर मेें संगीता राय दास का पूरा परिवार दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने 20 दिन पूर्व यूपी गया हुआ था। घर में ताला लगा हुआ था। सूनेपन का फायदा उठाकर चोर यहां चोरी करने की नीयत से घुस गए और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
गमी परिवार जब घर वापस लौटा तो उनके होश उड़ गए। पुलिस को घटना से अवगत कराया गया। इसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची। नजारा देख पुलिस के भी होश उड़ गए। आलमारी के कपड़े अस्त-व्यस्त थे। साथ ही किचन व कमरे में अलग-अलग बर्तन में खाना बचा हुआ व बिखरा पड़ा था। इसमें किसी में चिकन तो किसी में मटर पनीर पड़ा हुआ था। कुछ प्लेंटे भी पड़ी हुई थी। बचे खाने से बदबू भी आ रही थी।
Read More: महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर की महिला की हत्या, इस वजह से महिला थी परेशान...
इससे कयास लगाया जा रहा है कि चार से पांच दिन पूर्व चोर घर में घुसकर खाना पकाया फिर खाने के बाद चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरी गए सामानों में नगदी 10 हजार, टीवी व सोने-चांदी के जेवरात शामिल हैं। जिसकी कीमत लगभग एक से डेढ़ लाख रुपए आंकी जा रही है। कटघोरा पुलिस अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना कर रही है ।