CG Crime News: कोरबा जिले के कोरबी चौकी क्षेत्र के एक गांव में शादी समारोह के दौरान हुई एक शर्मनाक घटना ने पूरे गांव को झकझोर दिया।
CG Crime News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कोरबी चौकी क्षेत्र के एक गांव में शादी समारोह के दौरान हुई एक शर्मनाक घटना ने पूरे गांव को झकझोर दिया। शादी में शामिल होने आई 15 वर्षीय किशोरी ने छेड़छाड़ की घटना से आहत होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मामले में दूल्हे के 19 वर्षीय दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार यह घटना 8 मार्च की रात की है। गांव में एक युवक की शादी का कार्यक्रम चल रहा था, जिसमें रिश्तेदारों और परिचितों के साथ दूल्हे के कई दोस्त भी पहुंचे थे। सूरजपुर जिले का रहने वाला 19 वर्षीय नरेंद्र उइके भी अपने दोस्त की शादी में शामिल होने दो दिन पहले ही गांव पहुंच गया था और वहीं ठहरा हुआ था।
आरोप है कि शादी समारोह के दौरान देर रात नरेंद्र उइके ने घर में मौजूद 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ छेड़छाड़ की। उसी समय किशोरी के पिता की नींद खुली और वे बाथरूम की ओर जा रहे थे। तभी उन्हें चीखने की आवाज सुनाई दी। जब वे वहां पहुंचे तो उन्होंने आरोपी युवक को नाबालिग के साथ गलत हरकत करते हुए देख लिया और मौके पर ही उसे पकड़ लिया।
परिवार ने शादी का माहौल खराब होने से बचाने के लिए उस समय कोई हंगामा नहीं किया और बेटी को लेकर घर लौट आए। लेकिन घटना के बाद से किशोरी गहरे मानसिक आघात में थी। लोकलज्जा और मानसिक पीड़ा से परेशान होकर उसने तड़के गांव के पास एक पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
सुबह घटना की जानकारी मिलते ही शादी की खुशियां शोक में बदल गईं। परिवार और ग्रामीणों ने इसकी सूचना कोरबी चौकी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी।
कोरबी चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी ने बताया कि मामले में आरोपी नरेंद्र उइके के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने, अपहरण, छेड़छाड़ और पोक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।