CG News: कोरबा के निहारिका क्षेत्र में ग्राहक बनकर आई तीन महिलाओं ने सराफा दुकान से साढ़े 4 लाख के सोने के गहने चुराकर फरार हो गईं, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
CG News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के निहारिका क्षेत्र में संचालित एक सराफा दुकान में तीन महिलाओं द्वारा शातिर तरीके से चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। ग्राहक बनकर आई महिलाओं ने दुकान संचालक और स्टाफ को बातों में उलझाकर करीब साढ़े 4 लाख रुपए के सोने के आभूषण पार कर दिए और फरार हो गईं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाना रामपुर क्षेत्र अंतर्गत निहारिका में अखिल कुमार देवांगन की ‘दिव्या ज्वेलर्स’ नामक दुकान है। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे तीन महिलाएं ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचीं। उन्होंने पहले सोने के लॉकेट दिखाने को कहा और फिर चेन देखने की मांग की।
दुकान के कर्मचारियों द्वारा गहने दिखाए जाने के दौरान महिलाओं ने बड़ी चालाकी से दो चेन और दो लॉकेट गायब कर दिए। पूरा घटनाक्रम इतनी सफाई से अंजाम दिया गया कि किसी को तत्काल इसकी भनक तक नहीं लगी। महिलाओं के दुकान से निकलने के करीब पांच मिनट बाद संचालक को संदेह हुआ, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुकी थीं।
संचालक के अनुसार, चोरी हुए आभूषणों का कुल वजन लगभग 28 ग्राम है, जिनकी कीमत करीब साढ़े 4 लाख रुपए आंकी गई है। घटना के बाद संचालक ने दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज के साथ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ने के लिए टीम गठित की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में नकली सोना खपाने वाले गिरोह की सक्रियता को लेकर पुलिस ने सराफा कारोबारियों को अलर्ट किया था। ऐसे में इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इस वारदात के बाद सराफा कारोबारियों को अधिक सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। खासतौर पर अपरिचित ग्राहकों पर नजर रखने और सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की आवश्यकता बताई जा रही है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।