
पिकअप हादसे में 9 श्रद्धालु घायल (photo source- Patrika)
CG Road Accident: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिला में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है, जहां धार्मिक यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में 9 लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक मासूम बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिला के सलखन गांव से करीब 25 श्रद्धालु पिकअप वाहन में सवार होकर मड़वारानी पहाड़ी स्थित माता मंदिर के दर्शन के लिए गए थे। दर्शन और प्रसाद ग्रहण करने के बाद सभी अपने गांव लौट रहे थे।
रास्ते में उतराई के दौरान अचानक वाहन का ब्रेक फेल हो गया। चालक ने नियंत्रण पाने की कोशिश की, लेकिन तेज ढलान के कारण गाड़ी अनियंत्रित हो गई और सीधे एक पेड़ से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि कई श्रद्धालु वाहन से उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े।
घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस चालक सुखदास महंत और ईएमटी कृष्ण श्रीवास ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। कुछ घायलों को उरगा तो कुछ को चांपा के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, हादसे में घायल एक छोटे बच्चे की हालत नाजुक बनी हुई है और उसे विशेष निगरानी में रखा गया है। अन्य घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
उरगा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ब्रेक फेल होने को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि मड़वारानी पहाड़ी क्षेत्र में सड़क की हालत काफी खराब है, खासकर ढलान वाले हिस्सों में। उनका आरोप है कि प्रशासन की अनदेखी के कारण इस तरह के हादसे बार-बार हो रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि सड़क की मरम्मत और सुरक्षा इंतजाम जल्द किए जाएं।
Published on:
22 Apr 2026 02:02 pm
बड़ी खबरें
View Allछत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
