10 जून 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Breaking News: कटघोरा पटाखा गोदाम में भीषण आग, दमकल की 3 गाड़ियां मौके पर, धमाकों से दहला इलाका

Korba News: गोदाम में रखे पटाखों में लगातार विस्फोट होने लगे, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घटना के दौरान आसमान में धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिया।

2 min read
Google source verification

कोरबा

image

Love Sonkar

Jun 10, 2026

Breaking News

पटाखा गोदाम में भीषण आग (Photo Patrika)

Breaking News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के नगर पालिका परिषद कटघोरा क्षेत्र में स्थित एक पटाखा गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, यह घटना दोपहर करीब 12:00 बजे की है, जिसके बाद से आग बुझाने का कार्य लगातार जारी है। मौके पर दमकल विभाग की तीन गाड़ियां पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही हैं।

Breaking News: पटाखों के फटने की तेज आवाजें

हालांकि राहत की बात यह है कि जहां यह गोदाम स्थित है, वहां आसपास कोई आबादी नहीं है, जिससे किसी बड़े जनहानि की आशंका फिलहाल नहीं है। लेकिन आग की तीव्रता के बीच गोदाम से लगातार पटाखों के फटने की तेज आवाजें आ रही हैं, जिससे स्थिति और गंभीर बनी हुई है।

दमकल कर्मी बुझाने में जुटे

दमकल कर्मी पूरी सावधानी के साथ आग पर नियंत्रण पाने में जुटे हुए हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक आग पूरी तरह काबू में नहीं आ सकी थी। प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है और अतिरिक्त सहायता की संभावना भी जताई गई है।

धमाकों के बीच आग बुझाने की चुनौती

घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा नगर पालिका की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। हालांकि पटाखों में लगातार हो रहे धमाकों के चलते दमकलकर्मियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। आग की गंभीरता को देखते हुए अन्य स्थानों से भी अतिरिक्त दमकल वाहनों को बुलाया गया है। फायर ब्रिगेड की टीमें लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं।

पुलिस ने घेरा इलाका

घटना की जानकारी मिलते ही कटघोरा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके की घेराबंदी कर लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाया। गोदाम में विस्फोटों की आवाज सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस और प्रशासन की टीम भीड़ को नियंत्रित करने और राहत कार्य में जुटी हुई है।

लाखों के नुकसान की आशंका

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोदाम में बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण किया गया था। ऐसे में पूरा स्टॉक जलकर खाक होने की आशंका है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक व्यापारी को लाखों रुपए का नुकसान हो सकता है।