
बैकुंठपुर. कोरिया के उप डाकघर जनकपुर में 2 महीने के भीतर फर्जी हस्ताक्षर कर 70 खातेदार के आरडी खाते से 1 करोड़ 28 लाख हेराफेरी करने उप डाकपाल व अफसर को बचाने विभागीय जांच रिपोर्ट दबा दी। इसके बाद विभागीय रिपोर्ट में हेराफेरी की पुष्टि होने के बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई। जनकपुर पुलिस ने पांच महीने बाद कोई एफआईआर दर्ज नहीं होने पर खोतदार व पीडि़तों की शिकायत पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। पुलिस की जांच भी पिछले 11 महीने से चल रही है।
प्रार्थी महेश प्रसाद वर्मा ने 20 अप्रैल 2013 को उप डाक घर जनकपुर में अभिकर्ता विनय तिवारी के माध्यम से 6000 रुपए प्रति महीने जमा करने आरडी खाता क्रमांक 49307 खुलवाया था। 20 सितंबर 2016 को तीन साल बाद खाता की अवधि पूरी हो गई है। जिससे 22 सिबंर 2016 को पासबुक लेकर उप डाकघर जनकपुर में अपना जमा पूंजी निकालने गया था।
इस दौरान डाकघर पदस्थ प्रभारी ने पास बुक जमा करा लिया और चार दिन बाद आने की बात कही थी। निर्धारित तिथि के बाद पुन: डाकघर जाने पर अभी पैसा नहीं आने का बहाना बनाकर चलता कर पास बुक भी लौटा दिया गया। जिससे 6 अक्टूबर 2016 को राशि आने की जानकारी लेने उप डाक घर गया। जहां पदस्थ प्रभारी ने साफ तौर पर कह दिया कि अपना पैसा राकेश सिन्हा से ले लिजिए, जो मेरे से पहले पदस्थ था।
मैं अपनी जेब से पैसा नही दूंगा। मामले में पीडि़त ने थाना में शिकायत कर जमा पंूजी दिलाने और दोषी पर कार्रवाई की गुहार लगाई थी। शिकायत पर पुलिस ने पीडि़त सहित हीरालाल वर्मा, विनय तिवारी, दिलीप कुमार बखरे, चन्द्रकांत कपूर का बयान दर्ज किया। जिसमें तत्कालीन उप डाकपाल राकेश सिन्हा द्वारा करीब 70 खातेदार के आरडी खाते से भारी रकम का गबन करना पाया गया और पुलिस ने 17 मई 2017 को आरोपी के खिलाफ धारा 409 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।
यह है हेराफेरी का मामला
जनकपुर उप डाकघर में राकेश सिन्हा को उप डाकपाल के पद पर पदस्थ किया गया था। इस दौरान तबादला होने से पहले मार्च-अप्रैल 2016 में दो महीने में फर्जी तरीके से करीब 70 खातेदार के आरडी खाते से 1 करोड़ 28 लाख का गबन कर लिया था। पीडि़त खातेधारक ने जगह-जगह शिकायत दर्ज कराई, लेकिन आरोपी उप डाकपाल के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा सकी थी। प्रार्थी के पास बुक है। उसमें 159000 रुपए जमा है। लेकिन उस पैसे का भुगतान उप डाकघर जनकपुर नहीं कर रहा है। वहीं करीब 70 खातेधारक का पैसा जाम हो गया है और उनकी जमा पूंजी मिलने में परेशानी हो सकती है।
डाक विभाग के अफसर के संलिप्त होने की आशंका
जनकपुर पुलिस ने प्रार्थी की शिकायत पर रिपोर्ट में लिखा है कि फर्जीवाड़ा उजागर होने के बाद बैकुंठपुर और अंबिकापुर के डाक निरीक्षक ने उप डाकघर जनकपुर आकर सभी खाते की जांच की थी। जिसमें आरडी के 70 खाते से फर्जी तरीके से राशि आहरित की गई है। निरीक्षकों ने लिखित में बयान दर्ज कराया और आरोपी डाकपाल से पैसा वसूलने का आश्वासन दिया था।
वहीं आरोपी के खिलाफ डाक विभाग एफआईआर दर्ज कराएगा। लेकिन पांच महीने बीत जाने के बाद भी आरोपी उप डाकपाल के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। जिससे ऐसा प्रतीत होता है कि विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी अपराध में संलग्न हंै।
अंबिकापुर-बैकुंठपुर की टीम की थी जांच
पुलिस के अनुसार आरडी खाते से फर्जीवाड़ा करने के मामले में अंबिकापुर-बैकुंठपुर की संयुक्त टीम ने जांच की थी। विभागीय जांच पूरी होने और जांच रिपोर्ट पूरी होने के पांच महीने के बाद आरोपी उप डाकपाल के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा सकी थी। डाक विभाग ने दावा किया था कि तत्कालीन डाकपाल ने 1 करोड़ 28 लाख राशि फर्जी तरीके से आहरित कर ली है। जिसका पूरा रिकार्ड खंगाला गया है और आरोपी उप डाकपाल से पूरी रिकवरी की जाएगी।
शिकायत पर चल रही जांच
डाकघर में फर्जीवाड़ा की शिकायत पर मामले की जांच जारी है। वर्तमान में आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। वहीं खातेदारों का पैसा मिला है या नहीं मिला है। इसका डाक विभाग से कोई जानकारी या रिकार्ड उपलब्ध नहीं कराया गया है। सिर्फ मौखिक रूप से खातेदारों को पैसा देने की बात कही जा रही है।
टीएस पैकरा, प्रभारी थाना जनकपुर