नगर पालिका शिवपुर चरचा में हेराफेरी, भ्रष्टाचार कमीशनखोरी, पालिका अध्यक्ष की मनमानी का लगाया आरोप
बैकुंठपुर. भाजपा शिवपुर मंडल ने नगर पालिका शिवपुर चरचा में हेराफेरी, भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी तथा नगर पालिका अध्यक्ष की मनमानी का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने जमकर नारेबाजी करते हुए नगरपालिका कार्यालय में ताला जड़ दिया। मौके पर प्रशासन व पुलिस की टीम भी मौजूद थी। इस दौरान पार्षदों की पुलिस से झूमाझटकी भी हुई। बाद में उन्होंने प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
भाजपा के १५ पार्षद-एल्डरमैन के नेतृत्व में रैली निकाल कर नगर पालिका कार्यालय का घेराव कर ताला जड़ दिया। इस दौरान पुलिस प्रशासन व भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झूमाझटकी हुई। वहीं तालाबंदी के बाद भाजपा के 10 पार्षद व पांच एल्डरमैन ने पालिका अध्यक्ष को खूब खरी खोटी सुनाई।
आमसभा में भाजपा प्रवक्ता बसंतराय व राजेश सिंह पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष ने कहा कि नगर पालिका शिवपुर चरचा मे काबिल कांग्रेस की अध्यक्ष व उसके सहयोगियों ने मात्र ढाई साल की अल्प अवधि में घोटाले का इतिहास रच दिया गया है। पालिका अध्यक्ष अपने 2 साल की अध्यक्ष निधि 50 लाख रुपए का कोई हिसाब जनता को नहीं दे रहे हैं।
साधारण बाजार में 40 रुपए प्रति नग की दर से मिलने वाली कपड़े की टोपी को 500 गुना अधिक कीमत 211 रुपए खरीदी, 51०० रुपए की लागत के 7 नग वाटर प्यूरीफायर की खरीदी गई, लेकिन वाटर प्यूरीफायर कहां है, इसका कोई हिसाब नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष टोपी घोटाला कर जनता को टोपी पहना रहे हैं।
वहीं हर महीने लाखों रुपए की डीजल खरीदी जाती है, जिसका उपयोग कहां होता है, इसका कुछ अता-पता नहीं है। इस अवसर पर गिरधारी सिंह अध्यक्ष शिवपुर मंडल, उदय प्रताप सिंह, रेवा यादव, अभिमन्यु, प्रकाश मंडल, श्याम नारायण सिंह, विनोद दुबे, महमूद हसन, सुनील सिंह, देव प्रकाश राजवाड़े, संतोष शर्मा, आदित्य जायसवाल, रंजन शर्मा एल्डरमैन शांति बद्री प्रसाद सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कॉलरी से हर साल मिलता है 28 लाख, कोई हिसाब नहीं
भाजपा प्रवक्ता राय ने कहा कि चरचा कालरी प्रबंधन द्वारा हर साल 28 लाख रुपए की राशि नगर पालिका प्रशासन को दी जाती है। बावजूद नगर पालिका के गरीब ठेका मजदूरों का वेतन समय पर नहीं किया जाता है।
इस राशि में भी भारी बंदरबांट की जाती है। नगर पालिका अध्यक्ष हमेशा पैसे की कमी का रोना रोते रहते हैं। लेकिन जब अपनी निधि खर्च करने की बारी आती है तो कई गुना दाम में सामग्री खरीदी कर भ्रष्टाचार करते हैं। वहीं सहयोगी पार्षद निधि का बंदरबांट करने में लगे हैं।
85 लाख की सामग्री खरीदी में गड़बड़झाला
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सिंह ने कहा कि अध्यक्ष व उनके खास सहयोगी की देखरेख में 85 लाख की सामग्री खरीदी गई है। जिसमें 4 हजार रुपए की लागत में मिलने वाली सामान्य अलमारी को अंबर कंपनी का बताकर 24 हजार रुपए में खरीदी है। वहीं बाजार से 1200 रुपए में मिलने वाले पंखे को 4100 रुपए में उषा कंपनी का पंखा बताकर खरीदी है।
दोनों नामी कंपनियों के उत्पाद नगरपालिका में कहीं भी नहीं लगाए गए हैं। पालिका प्रशासन द्वारा 72000 रुपए प्रति नग की लागत के उषा वाटर कूलर की खरीदी गई है, लेकिन कोई अता-पता नहीं है।