कोरीया

बिना बताए गायब थी सरपंच तो नाराज पंचों ने दूसरी महिला को बना दिया सरपंच

जनपद उपाध्यक्ष की मौजूदगी में ग्राम पंचायत चिरगुड़ा में सरपंच का हुआ निर्वाचन, सर्वसम्मति से प्रीति सिंह नई सरपंच निर्वाचित

2 min read
Sarpanch Preeti Singh
Sarpanch election

बैकुंठपुर. ग्राम पंचायत चिरगुड़ा में निर्वाचित महिला सरपंच के लगातार गायब रहने से नाराज पंचायत के पंचों ने सर्वसम्मति से गांव की ही प्रीति सिंह को सरपंच चुना है। ग्रामीणों का कहना है कि सरपंच के नहीं रहने से पंचायत का विकास कार्य लगातार प्रभावित हो रहा है। यह निर्वाचन जनपद उपाध्यक्ष की मौजूदगी में किया गया।


कोरिया जिले के बैकुंठपुर स्थित ग्राम पंचायत चिरगुड़ा की सरपंच सुलोचनी सिंह बिना किसी जानकारी के गायब हैं, जिससे पंचायत का विकास कार्य बाधित हो रहा है। मामले में पंचों ने जनपद पंचायत एवं एसडीएम को इसकी जानकारी दी थी। इस पर सरपंच को नोटिस देकर जवाब मांगा गया था।

किन्तु किसी भी प्रकार का कोई जवाब नहीं मिलने से तत्काल प्रभाव से मुक्त कर पंचों की सहमति से गांव का नया सरपंच चुना गया है। ग्रामीणों का कहना है कि एसडीएम के निर्देश पर धारा-39(1) की उपधारा-ख के तहत सरपंच सुलोचनी सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था।

परन्तु समय पर जवाब नहीं देने के कारण सरपंच पद के प्रभाव से धारा-39 के तहत निलंबित कर पंचायत अधिनियम की धारा 39(2) धारा 93 के अधीन जारी अधिसूचना के अनुसार सरपंच का निर्वाचन किया गया है।

निर्वाचित पंचों ने अनुसूचित जनजाति महिला वर्ग की ग्राम पंचायत चिरगुड़ा के आंगनबाड़ी केन्द्र में बिजेन्द्र नाथ दुबे वरिष्ठ करारोपण अधिकारी जनपद पंचायत बैकुंठपुर की उपस्थिति में नई सरपंच निर्वाचित हुई।


ग्रामीण बोले- गांव में अब विकास कार्य होगा
ग्राम पंचायत चिरगुड़ा उपसरपंच जगेश्वर प्रसाद राजवाड़े के अध्यक्षता में सरपंच का निर्वाचन कराया गया। इसमें सभी निर्वाचित पंचों ने प्रीति सिंह को सर्वसम्मति से चिरगुड़ा की सरपंच पद की जिम्मेदारी सौंपी।

जनपद उपाध्यक्ष अनिल जायसवाल की उपस्थिति में चिरगुड़ा के सभी पंचों ने पूर्व सरपंच की अनुपस्थिति में अजजा वर्ग की प्रीति को गांव का सरपंच बनाया और गांव में बेहतर विकास कार्य कराने की बात कही। बैठक में आरटीआई कार्यकर्ता अरविंद सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।

Published on:
03 May 2018 08:01 pm