कोरीया

डॉक्टर ने मरीज को बनाया बंधक! 8 हजार में तय हुई थी बात लेकिन मांगे जा रहे थे 20 हजार

युवा कांग्रेस ने महलपारा के प्राइवेट अस्पताल में मरीज को बंधक बनाने का आरोप लगाकर उप पुलिस अधीक्षक से की शिकायत
2 min read
• •
Updated: 18 Mar 2018, 7:26 PM IST
Complaint to ASP
Complaint to ASP

बैकुंठपुर. कई बार सुनने में आया है कि अस्पताल में इलाज कराने के बाद मरीजों द्वारा रुपए देने में असमर्थता जताने पर डॉक्टरों द्वारा उन्हें बंधक बना लिया जाता है। ऐसा ही एक मामला कोरिया जिले के बैकुंठपुर से प्रकाश में आया है। युवा कांग्रेस ने बैकुंठपुर के महलपारा स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में 8 हजार रुपए में इलाज करने की बातचीत तय कर जबरन 20 हजार मांगने और पैसा जमा नहीं करने पर मरीज को बंधक बनाने की शिकायत दर्ज कराई है।

भारतीय युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने उप पुलिस अधीक्षक से मामले की शिकायत कर कार्रवाई की गुहार लगाई है। उन्होंने बताया कि चरचा कॉलरी निवासी बच्चा सिंह को गुरुवार रात में महलपारा स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस दौरान डॉक्टर से 8 हजार रुपए में पूरा इलाज करने की बातचीत तय की गई थी लेकिन अस्पताल में किसी प्रकार का इलाज व दवाई नहीं होने के कारण शुक्रवार की रात को मरीज को अन्यत्र रेफर करने की बात कही।

जिससे मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में पदस्थ एक संविदा आयुर्वेद डॉक्टर पहुंचे और जबरन २० हजार रुपए जमा कराने कहा। क्योंकि पूरा इलाज कराने के लिए उक्त चिकित्सक से बातचीत तय हुई थी। मामले में मरीज के पुत्र द्वारा अस्पताल का बिल मांगने पर दुव्र्यवहार किया गया। अस्पताल प्रबंधन व आयुर्वेद चिकित्सक मरीज को वहां से नहीं ले जाने देने पर अड़ गए।

इस दौरान धमकी भी दी गई। जमकर हंगामा करने पर कोतवाली से पुलिस बुला ली गई थी। युवा कांग्रेस ने सात दिन के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है। कांग्रेस का कहना है कि शहर के उक्त अस्पताल में गरीब, मजदूर किसानों से मनमानी वसूली की जाती है।

कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर आज तक किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की जा सकी है। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जायसवाल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अजय सिंह सहित अन्य पदाधिकारी-कार्यकर्ता उपस्थित थे।


स्वास्थ्य विभाग में नौकरी लेकिन प्राइवेट अस्पताल में सेवाएं
भारतीय युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष ने अपने ज्ञापन में लिखा है कि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में संविदा में एक आयुर्वेद चिकित्सक पदस्थ हैं। जिसे स्वास्थ्य विभाग ने 2-3 राष्ट्रीय कार्यक्रम का नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी है। लेकिन उक्त आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी द्वारा राष्ट्रीय कार्यक्रम की देखरेख में लापरवाही बरती जा रही है और महलपारा स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में पूरी सेवाएं दी जाती है।

वहीं मुख्यमंत्री कौशल प्रशिक्षण योजना से अपनी संस्था से प्रशिक्षित कर प्राइवेट लैब, नर्सिंग होम में नौकरी दिलाने का दबाव बनाया है। मामले में जिला अस्पताल द्वारा कौशल विकास योजना की मेडिकल-नर्सिंग सेक्टर में जारी राशि की जांच कराने, नर्सिंग होम, राष्ट्रीय कार्यक्रम से हटाने की गुहार लगाई है।


लगाए गए आरोप निराधार
इमरजेंसी में किसी मरीज का उपचार करना गलत बात नहीं है। कुछ लोगों ने हमारी शिकायत की है जिसकी जानकारी मुझे मिली है। राजनीति करना अच्छी बात है, लेकिन गलत राजनीति करना बिल्कुल गलत बात है। मेरे खिलाफ जो भी आरोप लगाए हैं, वह बिल्कुल गलत व निराधार है। शासन अपने स्तर पर शिकायत की जांच कराए और जो भी दोषी होगा, उस पर जरूर कार्रवाई करे।
डॉ प्रिंस जायसवाल, आयुर्वेद चिकित्सक स्वास्थ्य विभाग बैकुंठपुर

Published on: