कोरीया

धरती के सीने में लगी है आग, नीचे से खोखला हो चुके इस शहर का कभी भी बन सकता है कब्रगाह

आग के कारण निगम ने मकान खाली करने फिलहाल 10 परिवार को जारी की नोटिस, एसईसीएल का कहना- कभी भी धंस सकती है जमीन

3 min read
Chirimiri city

चिरिमिरी. बड़ा बाजार के नाला स्थित अवैध कोयला खदान में भीषण आग लगने के चार दिन बाद निगम आयुक्त ने 10 परिवार को मकान व दुकान खाली करने का नोटिस जारी किया है। मामले में प्रभावित परिवार को अपना सामान रखने सामुदायिक भवन बड़ा बाजार व छोटा बाजार में रखने की बात कही गई है। इधर एसईसीएल के मुख्य महाप्रबंधक का कहना है कि जिसे मकान खाली करना है करें। नहीं करेंगे तो वे जवाबदार नहीं होंगे।

25 अप्रैल की रात बड़ा बाजार नाला में कचरे के ढेर को जलाने के चक्कर में करीब 100 फीट गहरी खाई के अवैध कोयला खदान में भीषण आग लगी है। आगजनी की घटना के चार दिन बाद निगम आयुक्त ने आसपास के १० परिवार को नोटिस जारी कर मकान व दुकान खाली करने कहा है।

वहीं एसईसीएल चिरिमिरी ने अपने हाथ खड़े कर अपना पलड़ा झाड़ लिया है। पत्रिका ने एसईसीएल से मामले में आगे की कार्यवाही को लेकर सवाल पूछा, जिससे प्रबंधन ने कहा कि चिरिमिरी रहे या न रहे। इससे एसईसीएल को कोई फर्क नहीं पड़ता है। उन्होंने कहा कि हर चीज में एसईसीएल जिम्मेदार नहीं है।

स्थानीय लोग मकान खाली करें तो ठीक या नहीं करे तो ठीक। उसमें एसईसीएल कुछ नहीं करेगा। आज एसईसीएल है तो चिरमिरी है। हम केवल नौकरी कर रहे हैं। हमको चिरमिरी से कोई मतलब नहीं है, अब आग पर काबू पाना हमारे बस की बात नहीं है। भूमिगत आग की वजह से यहां की जमीन खोखली हो जाएगी।

इससे यहां की जमीन कभी भी धंस सकती है। जो कि इस पहाड़ी के किनारे रहने वाले लोगों के लिए काफी खतरनाक साबित हो सकती है। यह अभी या दस साल बाद, लेकिन जरूर होगा। इसे झुठलाया नहीं जा सकता है।


पहाड़ी का कुछ हिस्सा ढह गया, लोग भयभीत
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कुछ दिन पहले आग लगने के कारण कुछ दूर की पहाड़ी का एक हिस्सा ढह चुका है। जमीन के भीतर कोयले की आग तेजी से बढ़ रही है। कोयले की आग वर्षों पुरानी है, बड़ा बाजार गवर्मेंट स्कूल के पीछे की जमीन खोखली हो चुकी है। नीचे आग लगी है, फिर भी इसके ऊपर हजारों की तादाद में लोग अपना जीवन गुजार रहे हैं। बावजूद आग बुझाने कोई कारगर उपाय नगर निगम और एसईसीएल नहीं कर रहा है।


इनको नोटिस मिली
-प्रकाश बड़ा बाजार।
-दिग्वेश राज अग्रवाल बड़ा बाजार।
-संतराम बड़ा बाजार।
-सोनिया साहू गारमेंट बड़ा बाजार।
-वितर दास बड़ा बाजार।
- बबलू बड़ा बाजार।
-कैलाशचंद्र जैन बड़ा बाजार।
-सत्य नारायण साहू बड़ा बाजार।
-पितर दास बड़ा बाजार।
-मोहम्मद जाकिर बड़ा बाजार।


एसईसीएल नहीं होगा जिम्मेदार
शहर की बड़ी बाजार में लगी आग को लेकर एसईसीएल केवल औपचारिक रूप में ही कदम उठाएगा। लोगों को खाली करना है तो करें, नहीं तो अपने मकान में ही रहें। एसईसीएल को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है। एसईसीएल इस मामले में कोई कदम नहीं उठाएगा। एसईसीएल से ही चिरमिरी है। आज एसईसीएल नहीं तो चिरमिरी नहीं। हर काम के लिए एसईसीएल जिम्मेदार नहीं है।
के. सामल, मुख्य महाप्रबंधक एसईसीएल चिरिमिरी


जारी की गई है नोटिस
मामले की जानकारी मिलने पर शहर की दोनों एजेंसी को सुरक्षा की दृष्टि से नोटिस जारी कर हालात को नियंत्रण करने कहा गया है और आग पर काबू पाने सभी उपाय व संसाधन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी प्रकार की अप्रिय घटना होने से पहले इसकी रोकथाम करना की जिम्मेदारी दी गई है। एसईसीएल प्रबंधन ने ऐसा क्यों कहा, मुझे पता नहीं है। लेकिन मानवता के नाते हम सबकी जिम्मेदारी है। मामले में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दशरथ सिंह राजपूत, एसडीएम चिरिमिरी

ये भी पढ़ें

एक साल पहले गायब नाबालिग बेटी लौटी थी घर, शरीर में ये बदलाव देख मां-बाप रह गए सन्न
Published on:
28 Apr 2018 06:01 pm
Also Read
View All