
Koria News, अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे ग्रामीण (Photo- Patrika)
पटना। लवे प्रशासन द्वारा कोरिया जिले के ग्राम टेंगनी में ट्रैक से होकर बने अस्थायी रास्ते को बंद करने से 10 गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है। इससे ग्रामीण आक्रोशित (Villagers protest) भी हैं। इसे लेकर वे अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन पर बैठ गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि रेलवे प्रशासन ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टेंगनी से खुटनपारा, टेमरी, सांवारांवा, करहियाखांड, नानभान सहित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल देवगढ़ तक जाने वाले मार्ग को बंद कर दिया है। इससे करीब 10 गांवों के ग्रामीणों के सामने आवागमन संबंधी मुश्किलें बढ़ गई हैं। मार्ग बंद होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों ने ग्राम टेंगनी में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बंद किए गए मार्ग पर अंडरग्राउंड पुलिया निर्माण कराया जाए, जिससे आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही ग्राम टेंगनी स्थित प्राचीन देवालय (Temple) की सुरक्षा कराएं। ग्रामीणों के आंदोलन को समर्थन देने मंडलम कांग्रेस कमेटी पटना के अध्यक्ष परेश सिंह कार्यकर्ताओं के साथ धरना स्थल पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि जनहित से जुड़े इन मुद्दों का समाधान होना चाहिए।
क्षेत्रवासियों की जायज मांगों को लेकर कांग्रेस (Congress) उनके साथ खड़ी है और जरूरत पडऩे पर इस दिशा में संघर्ष जारी रखा जाएगा। धरना स्थल पर ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से उठाया। ग्रामीणों का कहना है कि यह आंदोलन किसी व्यक्तिगत हित के लिए नहीं, बल्कि क्षेत्र के लोगों की सुविधा और प्राचीन धार्मिक स्थल की सुरक्षा के लिए है।
इससे पहले ग्रामीण कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत (Korba MP) को ज्ञापन सौंप चुके हैं। इसमें उन्होंने बताया है कि बैकुंठपुर के टेंगनी रेलवे ट्रैक खंभा नंबर 989/15 और 989/16 के पास अंडरब्रिज निर्माण की अत्यंत आवश्यक है। इस क्षेत्र में रेलवे अंडरब्रिज नहीं होने के कारण टेंगनी, टेमरी, कार्हियाखाड, बरदिया, देवगढ़ धाम, नानभान, कटकोना कॉलरी सहित लगभग 10 गांवों के ग्रामीणों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रभावित गांवों में राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र विशेष पिछड़ी जनजाति पण्डो अधिक संख्या में निवास करते हैं। अंडरब्रिज नहीं होने से इस वर्ग के सामाजिक-आर्थिक विकास और आवागमन में बाधाएं आ रही है।
ग्रामीणों को अस्पताल, साप्ताहिक बाजार, स्कूल-कॉलेज, तहसील-कलेक्टोरेट, थाना और दुकानों तक जाने के लिए इसी मार्ग का उपयोग करना पड़ता था। कई बार ट्रेन आवाजाही के दौरान मार्ग अवरुद्ध रहता था। यह मार्ग रायपुर-बनारस राष्ट्रीय राजमार्ग से लगा हुआ है।
अंडरब्रिज नहीं होने से हर समय गंभीर दुर्घटना (Danger of Accident) का खतरा बना रहता है। इससे पहले मंडल रेल प्रबंधक से एक साल पहले जल्द अंडरब्रिज समस्या का समाधान करने का लिखित-मौखिक आश्वासन दिया गया था। किंतु एक वर्ष बीतने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। क्षेत्र की जनता में इस समस्या को लेकर भारी आक्रोश है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
23 Nov 2026, 8:12 PM IST
Published on:
23 Nov 2026, 8:12 PM IST
बड़ी खबरें
View Allकोरीया
छत्तीसगढ़




