Congress MLA arrest: विधायक डॉ. विनय जायसवाल अपनी पत्नी चिरमिरी महापौर कंचन जायसवाल व निगम सभापति गायत्री बिरहा के साथ गिरफ्तारी देने पहुंचे थे, रेलवे सुरक्षा बल ने मुचलके पर छोड़ा
बैकुंठपुर. Congress MLA arrest: वर्ष 2021 में रेल की पटरी पर बैठकर रेल रोको आंदोलन करने के मामले में मनेंद्रगढ़ के पूर्व विधायक डॉ. विनय जायसवाल, उनकी पत्नी चिरमिरी महापौर कंचन जायसवाल सहित आधा दर्जन लोगों को रेलवे पुलिस द्वारा बुधवार को गिरफ्तार किया गया। विधायक ने बुधवार को रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट मनेंद्रगढ़ में गिरफ्तारी दी। इस दौरान रेलवे पुलिस द्वारा सभी को मुचलका पेश करने पर छोड़ा गया।
अक्टूबर 2021 में नागपुर हाल्ट स्टेशन के पास रेलवे पटरी पर बैठकर रेल रोको आंदोलन किया गया था। पूर्व विधायक डॉ. जायसवाल ने आंदोलन का नेतृत्व किया था।
मामले में रेलवे पुलिस ने पूर्व विधायक डॉ. जायसवाल, उनकी पत्नी चिरमिरी महापौर कंचन जायसवाल, सभापति गायत्री बिरहा सहित अन्य लोगों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया था।
रेलवे थाना से मंगलवार को वारंट जारी हुआ था। मामले में पूर्व विधायक सहित अन्य लोग रेलवे थाना मनेंद्रगढ़ पहुंचकर गिरफ्तारी दी। उसके बाद में मुचलके पर छोड़ा गया।
बदले की भावना से भाजपा कर रही काम
पूर्व विधायक डॉ. जायसवाल ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार बदले की भावना से काम कर रही है। आम जनता की सुविधा को लेकर आंदोलन किए थे। उसी को लेकर गिरफ्तारी की जा रही है। लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं।