खाट पर सो रहे थे भाई-बहन; सांप ने भाई को डसा, Doctor  नहीं पहुंचे तो हो गई मौत

बेटे की मौत के बाद पिता ने कहा कि वह समय पर ले आया था अस्पताल लेकिन ड्यूटी पर एक भी नहीं थे डॉक्टर, अस्पताल लाने के साढ़े 4 घंटे बाद हो गई मौत
less than 1 minute read
• •
Updated: 26 Sep 2016, 8:40 PM IST
snake
snake
मनेन्द्रगढ़.
कोरिया जिले के मनेंद्रगढ़ स्थित ग्राम मोरगा निवासी भाई-बहन रविवार की रात खाट पर सो रहे थे। इसी दौरान भाई को सांप ने डस लिया। सुबह उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन साढ़े 4 घंटे बाद उसकी मौत हो गई।


शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में सर्पदंश से पीडि़त एक बालक की मौत हो जाने पर परिजनों ने इलाज में लापरवाही बरते जाने का आरोप लगाया है। मृतक के पिता का कहना है कि जब वे अपने पुत्र को लेकर अस्पताल पहुंचे तो अस्पताल में कोई भी डॉक्टर ड्यूटी पर नहीं था।


ग्राम पंचायत मोरगा अंतर्गत ग्राम सेंधा निवासी रामनारायण कुर्रे का पुत्र विशाल (14) व पुत्री प्रीति (15) खाट पर सो रहे थे, तभी रात्रि ढाई बजे विशाल ने परिजनों को सर्प काटने एवं सीने में जलन व दर्द की जानकारी दी। परिजन सुबह लगभग 5.30 बजे उसे लेकर शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मनेन्द्रगढ़ पहुंचे जहां उपचार के दौरान प्रात: 9 बजे उसकी मौत हो गई।


बालक की मौत के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया और कहा कि बालक की हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी, लेकिन अस्पताल में उपचार के लिए कोई भी डॉक्टर ड्यूटी पर नहीं था जब तक डॉक्टर अस्पताल पहुंचते बालक ने दम तोड़ दिया।


वहीं बीएमओ डॉ. सुरेश तिवारी का कहना है कि इलाज में लापरवाही नहीं बरती गई है। ड्यूटी पर उपस्थित डॉ. अर्चना कुम्हारे के द्वारा बालक का उपचार किया गया था।
Published on: