Paddy Purchase: मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ सीमा (MP-CG Border) से लगे हर बैरियर में 24 घंटे के लिए चार-चार सदस्यीय टीम करेगी निगरानी, 1 दिसंबर से समर्थन मूल्य (Support price) पर शुरु होनी है धान की खरीदी, बिचौलियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के खरीदी केंद्रों में खपाया जाता है धान
बैकुंठपुर/केल्हारी. Paddy Purchase: समर्थन मूल्य पर 1 दिसंबर से धान खरीदी शुरु होने वाली है। छत्तीसगढ़ में बिचौलियों द्वारा दूसरे राज्य से धान लाकर खरीदी केंद्रों में खपाया जाता है। इसमें समिति प्रबंधकों से उनकी सेटिंग होती है।
इस बार अवैध धान खपाने वालों की खैर नहीं। धान खरीदी शुरु होने से पहले मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ की सीमा पर 11 चेक पोस्ट बनाकर 24 घंटे टीम तैनात की गई है। हर चेक पोस्ट पर चार-चार सदस्यीय टीमें तीन पाली में अलग-अलग ड्यूटी करेंगीं।
खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में धान बिक्री करने जिले में 33 हजार 133 किसान पंजीकृत हैं। जिसमें 8 हजार 271 नए किसान शामिल हैं। वहीं सीमांत किसान 11 हजार 298, लघु किसान 8 हजार 192 और बड़े किसानों की संख्या 5 हजार 372 है। धान खरीदी में १९४९० सीमांत-लघु किसानों को पहले प्राथमिकता दिया जाएगा।
इस साल पंजीकृत रकबा 43 हजार 139 हेक्टेयर है। पिछले साल 24 हजार 862 किसान और रकबा 36 हजार 396 हेक्टेयर था। जिला प्रशासन ने बिचौलिए-कोचिए को पकडऩे व अवैध तरीके से धान बिक्री करने वालों को पकडऩे 11 अंतरराज्यीय बैरियर में 24 घंटे टीम तैनात कर दिया है।
मध्यप्रदेश व छत्तीसगढ़ की सीमा पर 11 जांच चौकियां बनाकर तीन पाली में चार-चार सदस्यीय टीम निगरानी करेगी। कलक्टर श्याम धावड़े ने कहा कि धान खरीदी केंद्रों में अन्य सीमावर्ती राज्यों से अवैध धान आयात एवं गांव, शहरी इलाकों में कोचिए-बिचौलिए चिल्हर में धान की खरीदी कर समिति में पंजीकृत किसानों के रकबे में बेचने का प्रयास करेंगे।
कंट्रोल रूम में 24 घंटे कर्मचारी तैनात
धान खरीदी अवधि में समस्याओं का त्वरित निराकरण एवं अवैध धान परिवहन-संग्रहण की जानकारी देने कंट्रोल बनाया गया है। जिला कार्यालय के कक्ष क्रमांक 31 में धान खरीदी नियंत्रण कक्ष स्थापित है। जिसका दूरभाष क्रमांक 07836-232330 है।
नियंत्रण कक्ष में धान खरीदी अवधि 1 दिसंबर से 31 जनवरी तक 24 घण्टे कर्मचारियों की ड्यूटी लगेगी। सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक सहायक ग्रेड 3 सुशांत कुमार व अनिल कुमार, दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक सहायक ग्रेड 2 रमाकांत तिवारी, पन्नालाल साहू की ड्यूटी लगी है। वहीं रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक सहायक ग्रेड 2 अब्दुल शमीम व राजा राम कार्य करेंगे।
एसडीएम के नेतृत्व में पांच टीम करेगी कामम
अवैध धान की रोकथाम एवं सघन जांच करने एसडीएम के नेतृत्व में पांच दल बनाए गए हैं। वहीं धान उपार्जन अवधि में प्रशासनिक अधिकारियों को अलर्ट रहने निर्देश दिए गए हैं। जांच दल में बैकुंठपुर, सोनहत, मनेन्द्रगढ़, खडग़वां और जनकपुर एसडीएम नोडल अधिकारी होंगे। वहीं तहसीलदार, सचिव कृषि उपज मण्डी समिति, खाद्य निरीक्षक सदस्य बनाए गए हैं।
ये हैं जांच चौकी व प्रभारी
-ठिसकोली बैरियर-प्रभारी जगधारी रविशंकर राम व तीन टीम तैनात।
-नेउर बैरियर-प्रभारी प्रेमसिंह डिप्टी रेंजर व तीन टीम तैनात।
-डांडहंसवाही बैरियर-प्रभारी वनपरिक्षेत्राधिकारी व तीन टीम तैनात।
- घुटरीटोला बैरियर-प्रभारी धनंजय कुमार व तीन टीम तैनात।
- बीसीएम बैरियर-प्रभारी फूलसिंह मरकाम व तीन टीम तैनात।
-मदरसा रोड बैरियर-प्रभारी मनोज पैकरा व तीन टीम तैनात।
-रामानुजनगर ढाबा बैरियर-प्रभारी मनोज पैकरा व तीन टीम तैनात।
-चांटी बैरियर-प्रभारी एलएल कंवर व तीन टीम तैनात।
-घुघरी बैरियर-प्रभारी गोपाल कोरे व तीन टीम तैनात।
-जैती बैरियर-प्रभारी आरकेएसस भदौरिया व तीन टीम तैनात।
-गोइनी बैरियर-प्रभारी अंकिता पटेल व तीन टीम तैनात।
24 घंटे रहेगी कड़ी निगरानी
अवैध धान की रोकथाम एवं सघन जांच करने एसडीएम के नेतृत्व में पांच दल बनाए गए हैं। वहीं मध्यप्रदेश व छत्तीसगढ़ सीमा पर 11 चेकपोस्ट बनाकर टीम २४ घंटे निगरानी करेगी।
श्याम धावड़े, कलक्टर कोरिया