कोरिया जिले के सोनहत ब्लॉक स्थित ग्राम छिंगुरा के ग्रामीणों ने दूसरे दिन नदी से खोदकर टै्रक्टर को निकाला, ट्रक के बहने की भी खबर
सोनहत. विकासखंड सोनहत में मंगलवार दोपहर बाद तीन घंटे तक मूसलाधार बारिश होने से हसदेव नदी में बाढ़ आ गई और सोनहत के सरकारी स्कूल-अस्पताल परिसर में लबालब पानी भर गया। वहीं ग्राम छिंगुरा में नदी के किनारे खड़ा रेत लोड ट्रैक्टर बारिश के पानी से बह कर करीब आधा किलोमीटर तक हसदेव नदी में चला गया।
इसके बाद ट्रैक्टर बालू के भीतर दफन हो गया। साइलेंसर दिखने के कारण दूसरे दिन पता चला कि यहां ट्रैक्टर दबा है। ग्रामीणों ने बुधवार को नदी में रेत के नीचे दबे ट्रैक्टर को खोदकर बाहर निकाला। ग्रामीणों का कहना है कि रेत लोड एक ट्रक भी नदी में बह गया है।
कोरिया जिले के सोनहत विकासखंड में मंगलवार की दोपहर 3.30 बजे से मूसलाधार बारिश हुई। इस दौरान ग्राम छिंगुरा में हसदो नदी के किनारे ट्रैक्टर चालक बालू लोड कर जाने की तैयारी कर रहा था। अचानक से तेज बारिश शुरू हो गई और चंद मिनट के भीतर ही नदी का जल स्तर बढऩे लगा।
नदी का बढ़ता जल स्तर देख चालक और मजदूर ट्रैक्टर को नदी किनारे खड़ा कर बारिश से बचने भाग निकले। इधर देखते ही देखते नदी में बाढ़ आ गई और ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत नदी में करीब आधा किलोमीटर दूर तक बहता चला गया। हसदो नदी के रपटा पुलिया के समीप तक ट्रैक्टर का नामो निशान नहीं मिला।
ट्रैक्टर मालिक अन्य लोगों के साथ दूसरे दिन सुबह ट्रैक्टर की खोज करने निकला। काफी खोजबीन के बाद दूर से ट्रैक्टर का साइलेेंसर दिखाई दिया। पास जाकर देखा तो ट्रैक्टर रेत में पूरी तरह से दब चुका था। ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर काफी मशक्कत के बाद शाम तक निकाला जा सका।
बेलिया में रेता लोड ट्रक बह गया
ग्रामीणों का कहना है कि बेलिया ग्राम में हसदो नदी पर ही एक ट्रक के फंसने की जानकारी मिली है। नदी पर तेज बहाव के कारण यह ट्रक भी बालू से पट गया है। जिसे ग्रामीणों की मदद से निकालने प्रयास जारी है। ग्रामीणों का कहना है कि पहाड़ी इलाका होने के कारण बारिश का पानी जल्द ही नदी में पहुंचता है। इससे हमेशा अचानक बाढ़ आने का डर लगा रहता है।
अस्पताल, दुकान व सड़क पानी से लबालब
मूसलाधार बारिश के कारण सोहनत की सड़क पानी से लबालब भर गया और घुटने तक बीच सड़क पर पानी बहने लगा। वहीं अस्पताल परिसर सहित अस्पताल के कमरों में एक फीट तक पानी भर गया था। इससे अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। वहीं दुकान-घरों में भी एक-एक फिट तक पानी भर गया है।
सोनहत के अमन इलेक्ट्रॉनिक, शर्मा जनरल स्टोर, गुरूकृपा मेडिकल, आशीष मेडिकल, पूजा फोटोकॉपी एवं अन्य दुकानों में पानी भरने से भारी नुकसान होने का अनुमान लगाया गया है।
हसदो पुलिया टूटी, बारिश में संपर्क कट जाएगा
तेज बारिश के कारण हसदो पुलिया का आधा हिस्सा टूट चुका है। यदि ऐसी ही दोबारा बारिश हुई तो पुलिया के बहने की आशंका जताई है। इससे ग्राम छिंगुरा, भगवतपुर, कछाड़ी, लोलकी, जागिया, छतरंग, आदी का सोनहत से संर्पक टूट सकता है। गौरतलब है कि पुलिया के नव निर्माण के लिए कांग्रेस उपाध्यक्ष गुलाब कमरो ने ग्रामीणों के साथ आंदोलन भी किया था लेकिन पुलिया नही बनाए जाने से ग्रामीणों में रोष है।