
रामगंजमंडी. यहां रोडवेज बस स्टेण्ड पर पुलिस चौकी से करीब बीस कदम दूर एक मुनीम को जरा सी लापरवाही भारी पड़ गई और कोई उसका डेढ़ लाख रुपए से भरा बेग चुराकर ले गया। दिन दहाड़े करीब बारह बजे हुई इस घटना का मुनीम ने पुलिस में प्रकरण दर्ज करा दिया है।
मुनीम जोधराज गुर्जर ने बताया कि पत्थर व्यापारी सतीश जैन ने उसे डेढ़ लाख की राशि का चेक दिया था। उसने एचडी एफसी बैंक से उसने दिन में 11 बजे राशि निकाली। रकम को लेकर वह बाइक से जब जाने लगा तो रास्ते में बस स्टेण्ड पर एक दुकान पर समोसा खाने के लिए रुक गया। उसने हाथ में डेढ़ लाख की राशि से भरा बेग लिया हुआ था। उसने दुकान पर टेबल पर बेग रखा और समोसा खाने लगा। इसी बीच उसका बेग कोई उठाकर ले गया। मुनीम ने बताया कि सारा खेल चंद सैकण्ड में हो गया। समोसा खा कर पानी पीने के बाद वह पीछे घूमा तो टेबल पर रखा बेग नहीं था।
Lok Sabha Election 2019: जिला निर्वाचन अधिकारी का अफसरों को आदेश: नेता यह काम करे तो किसी भी सूरत में नहीं छोड़े
बच्चों की करतूत
एक प्रत्यक्षदर्शी दुकान के एक कर्मचारी के अनुसार इस वारदात को दो बच्चों ने अंजाम दिया। मुनीम इस कर्मचारी को साथ लेकर बच्चों को तलाशने निकला लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस कर्मियों ने बच्चों को तलाश करने का प्रयास किया। सीसीटीवी कैमरे खंगाले लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
दिनभर रही चर्चा
समोसे खाने के चक्कर में डेढ़ लाख रुपए गंवा देने की चर्चा दिनभर कस्बे में होती रही। हर कोई यह जानकर दंग रह गया कि आखिर चंद सैकण्ड में ही रुपयों से भरा बैग कैसे पार हो गया। आश्चर्य की बात तो यह है कि समोसे की दुकान पर लोगों की काफी भीड़ होने के बावजूद लोगों की निगाह उस चोर पर नहीं पड़ सकी। हालांकि पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।